हर स्टूडेंट को एग्जाम में समय बचाना ही होता है, ताकि कठिन प्रश्नों के लिए अधिक समय निकला जा सके। है न?
‘पर सेंट’ यानी प्रतिशत, जो किसी भी कॉम्पिटिटिव एग्जाम के क्वांटिटेटिव ऐप्टीटयूड सेक्शन को क्रैक करने हेतु क्रिटिकल स्किल होती है। दसों बार हर एग्जाम में परसेंट पर बेस्ड कैलकुलेशन करने ही पड़ते हैं। तो क्यों न इसपर बढ़िया मेन्टल कमांड बनाया जाए?
करिअर फंडा में स्वागत!
परसेंटेज (प्रतिशत) टॉपिक का एग्जाम में महत्व
न केवल इस टॉपिक से डायरेक्ट प्रश्न एग्जाम में पूछे जाते हैं बल्कि यह लाभ-हानि (प्रॉफिट एंड लॉस), साधारण ब्याज (सिंपल इंटरेस्ट), चक्रवृद्धि ब्याज (कम्पाउंड इंटरेस्ट) तथा डाटा इंटरप्रेटेशन जैसे टॉपिक्स का आधार भी है। वैसे परसेंट के प्रश्न गणित के किसी भी टॉपिक में पूछे जा सकते हैं।
परसेंट या प्रतिशत क्या है और इसका उपयोग क्यों किया जाता है
परसेंट यानी प्रतिशत जैसा इसके नाम से ही स्पष्ट है प्रति सेंट या शत या सौ (100) के आधार पर काम करता है। मतलब प्रतिशत का अर्थ हुआ ‘प्रत्येक 100 के लिए’। प्रतिशत निकालने से विभिन्न आंकड़ों की तुलना करना आसान हो जाता है। प्रतिशत को '%' सिम्बॉल से दर्शाया जाता है जिसका गणितीय अर्थ होता हैं 1/100
फास्ट कैलकुलेट करने के मेथड
प्रतिशत जल्दी प्राप्त करने की दो विधियां हैं: पहली कुछ स्टैण्डर्ड वैल्यू के प्रतिशत याद कर के और दूसरी 1%, 5%, 10% और 50% विधि।
1) पहली विधि
नीचे दिए गए भिन्नों (फ्रैक्शंस) की परसेंट वेल्यूज को याद कर लीजिए।
1 = 100%1/2 = 50%1/3 = 33.33%1/4 = 25%1/5 = 20%1/6 = 16.66%1/7 = 14.28%1/8 = 12.5 %1/9 = 11.11%1/10 = 10%1/11 = 9.09% और 1/12 = 8.33%
यह विधि किस प्रकार उपयोगी है
मान लीजिए आप को '1331 का 27.27%' निकालना है तो ट्रेडिशनल मेथड से करने पर यह एक चार अंकों की संख्या में दूसरे चार अंकों की संख्या के गुणनफल का प्रश्न बन जाएगा।
लेकिन यदि आपको ऊपर दी गई स्टैण्डर्ड वैल्यूज याद हैं तो आप पाएंगे कि 1/11 का मान 9.09% होता है, अर्थात 3/11 का मान 27.27% होगा (दोनों ओर 3 से गुणा करने पर) ।
तो हम ऊपर दिए गए प्रश्न में 27.27% को 3/11 से रिप्लेस कर सकते हैं।
ऐसा करने पर हमारा प्रश्न '1331 का 3/11' हो जाएगा। जिसका जवाब हम आसानी से 363 प्राप्त कर सकते हैं।
इसी प्रकार
A) 2/3 = 66.66%, 3/4 = 75%, 2/5 = 40%, 3/5 = 60%, 4/5 = 80%, 2/7 = 28.56%.. इत्यादि,
B) 3/8 = 37.5%, 5/8 = 62.5%, 7/8 = 87.5%, 2/11 = 18. 18%, 3/11 = 27. 27%, 4/11 = 36.36% इत्यादि, का उपयोग किया जा सकता है।
2) दूसरी विधि
किसी भी संख्या का 1%, 10%, 5% और 50% निकालना एकदम आसान होता है और इसे बिना पेन चलाए दिमाग में कैलकुलेट किया जा सकता है। और करना भी चाहिए।
उदाहरण के लिए यदि आपको 5100 का 10% निकालना है तो आपको केवल संख्या के पीछे से एक जीरो कम करना हैं अर्थात (गणितीय रूप से करने पर 5100 का 10% = 5100 × 1/10) 510
इसी प्रकार यदि आपको इसी संख्या इसका 1% निकलना हो तो भी आसान है – आप को संख्या के पीछे से केवल दो जीरो कम करना है, अर्थात (गणितीय रूप से करने पर 5100 का 1% = 5100 × 1/100) 51
यदि संख्या के अंत में जीरो नहीं है तब भी आसानी से किया जा सकता है
उदाहरण के लिए यदि आपको 5273 का 10% निकालना है तो आपको केवल पीछे से एक अंक के बाद एक दशमलव (डेसिमल पॉइंट) रखना हैं अर्थात (गणितीय रूप से करने पर 5273 का 10% = 5273 × 1/10) 527.3
इसी प्रकार यदि आपको इसी संख्या इसका 1% निकलना हो तो भी आसान है: आप को केवल पीछे से दो अंकों के बाद एक दशमलव (डेसिमल पॉइंट) रखना हैं, अर्थात (गणितीय रूप से करने पर 5273 का 1% = 5273 × 1/100) 52.73
किसी भी संख्या का 50% निकालना तो और भी आसान है। आप को केवल उस संख्या का आधा करना है। उदाहरण के लिए 4500 का 50% = 4500/2 = 2250 या फिर 375 का 50% = 375/2 = 187.5
प्राप्त संख्या के 10% को 2 से या 50% को 10 से भाग देकर 5% प्राप्त किया जा सकता है।
उदाहरण के लिए 5100 का 5% = 510 (जोकि 10% है)/2 = 255 या फिर 4500 का 5% = 2250 (जो की 50%)/10 = 225
हम 1%, 5%, 10% और 50% विभिन्न कॉम्बिनेशंस को उपयोग करके कोई भी कैलकुलेशन कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए आपको 7300 का 37% निकलना हैं, तो हम 37% = (10% × 3) + 5% + (1% × 2) में इसे ब्रेक कर देंगे।
देखिये 7300 का 10% = 730,
तो 7300 का 30% = 2190
7300 का 5% = 730/2 = 365, तथा
7300 का 1% = 73, तो 2% = 146
तो 7300 का 37% = 7300 का 30% + 7300 का 5% + 7300 का 2% = 2190 + 365 + 146 = 2701
उम्मीद करता हूं बताई गई शॉर्ट ट्रिक्स आपके लिए उपयोगी साबित होंगी।
सारांश
कुछ हफ्तों तक लगातार प्रयास और प्रैक्टिस करके, आप लगभग सभी परसेंटेज कैल्क्युलेशन्स मेंटली कर पाएंगे। उसका डायरेक्ट बेनिफिट हर एग्जाम में दिखने लगेगा। रेगुलर लाइफ में भी आपको बहुत फायदा होगा।
आज का करिअर फंडा यह है कि परसेंटेज के कैलकुलेशन पर मेन्टल महारत हासिल करना एक अच्छा इन्वेस्टमेंट है, इससे समय बचता है, और मार्क्स अधिक मिलते हैं।
कर के दिखाएंगे!
इस कॉलम पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें।
करिअर फंडा कॉलम आपको लगातार सफलता के मंत्र बताता है। जीवन में आगे रहने के लिए सबसे जरूरी टिप्स जानने हों तो ये करिअर फंडा भी जरूर पढ़ें...
2) एग्जाम की तैयारी करने वाले 5 गलतियां कभी न करें:अपनी क्षमता कम न आंके, दूसरों के साथ तुलना न करें
3) अच्छा रेज्यूमे बनाने के 8 टिप्स:भाषा सरल और सटीक हो, दो पेज से अधिक न बनाएं
4) महिलाएं घर से ही कर सकती हैं ये 3 बिजनेस:यू-ट्यूब ब्लॉग्गिंग, फूड सर्विसिंग और क्लॉथ केयर सेंटर
5) कम पैसे में इन 5 तरीकों से जिएं ग्लैमरस लाइफ:फिट रहिए-हिट रहिए, एस्थेटिक सेंस डेवलप करें
7) ये मेथड अपनाकर 99 तक की टेबल्स याद करें:प्रैक्टिस करते रहें, महज पढ़ने से काम नहीं चलेगा
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.