- देश के 115 सेंटर में मैसूर, चेन्नई और तिरुपति जैसी साफ रही दिल्ली की हवा
- दिल्ली का औसत एक्यूआई 84, 13 हॉट स्पाॅट में से केवल 2 पर सौ के पार
Dainik Bhaskar
Nov 30, 2019, 01:46 AM ISTनई दिल्ली. दिल्ली की आबोहवा में जारी सुधार का दौर शुक्रवार को भी रहा। अशोक विहार, नजफगढ़ समेत दिल्ली के 6 सेंटर पर तो एयर क्वालिटी अच्छे की श्रेणी में आ गई। यानी एक्यूआई 50 से ऊपर नहीं गया। इससे साफ आबोहवा 60 दिन पहले 30 सितंबर को थी। खास बात यह रही कि देश के 115 सेंटर में से मैसूर (44), चेन्नई (45) और तिरुपति (31) में ही एक्यूआई 50 से नीचे रहा। एनसीआर के प्रमुख शहरों का एक्यूआई भी मॉडरेट की श्रेणी में ही रहा। सीपीसीबी की शाम 4 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 84 दर्ज किया गया। इससे पहले 30 सितंबर को दिल्ली का एक्यूआई 68 था।
दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुड़गांव में भी एक्यूआई 100 के अंदर ही रहा। गुरुवार-शुक्रवार की रात 12 बजे दिल्ली के 6 सेंटरों का एक्यूआई 50 तक पहुंच गया। हवा की अधिकतम स्पीड 6 किलोमीटर रही, जोकि अलग-अलग दिशाओं से आ रही थी। इसकी वजह पराली जलने की घटनाएं कम होना भी माना जा रहा है। सफर के मुताबिक गुरुवार को पराली जलने की सिर्फ 77 घटनाओं के बारे में पता चला, जिसके कारण दिल्ली के प्रदूषण में उसका योगदान 5 फीसदी रहा। शनिवार को यह बढ़कर 7 फीसदी तक रहने का अनुमान लगाया गया है।]
अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, सर्द हवाओं से ठिठुरे लोग
दिल्ली में शुक्रवार को दिन की सर्दी कायम रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे 24.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली के बाकी केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री के बीच में दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा 59-95 फीसदी के बीच रही। नवंबर में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 22 नवंबर को 11.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि 4 नवंबर को सबसे ऊपर 18.9 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान का औसत 29 नवंबर तक 15.2 डिग्री है जो औसत 12.9 डिग्री से 2.3 डिग्री ऊपर है। अधिकतम तापमान का औसत 28.1 है जो सामान्य के करीब है। दिन में बहुत तेज धूप नहीं निकली और हवा धीरे-धीरे बढ़ी है जिससे सर्दी अधिक महसूस हुई।