पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
नई दिल्ली . दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा के साथ ओले बारिश के कारण हवा साफ हो गई। नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद की हवा में प्रदूषण का स्तर संतोषजनक रहा। गाजियाबाद और नोएडा में एक्यूआई 82 व फरीदाबाद में 89 दर्ज किया गया। इसी तरह दिल्ली, गुड़गांव व ग्रेटर नोएडा में भी एक्यूआई मॉडरेट के निचले स्तर पर रहा। दिल्ली में एक्यूआई शुक्रवार के मुकाबले 65 प्वाइंट नीचे गिरकर 108, गुड़गांव में 13 प्वाइंट गिरकर 106, ग्रेटर नोएडा में 103 प्वाइंट नीचे गिरकर 110 एक्यूआई दर्ज किया गया।

दिल्ली में रात 8 बजे नेशनल एयरक्वालिटी इंडैक्स में 33 में से 26 केंद्रों पर एक्यूआई 100 प्वाइंट से नीचे दर्ज किया गया। सबसे नीचे इहबास केंद्र पर 53 प्वाइंट और श्री अरविंदो मार्ग पर 56 दर्ज किया गया। डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च-अप्रैल में ओले गिरते हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बीच बादलों में धरती से 5 किमी पर होने वाला चिलिंग लेवल 2 किमी से 2.5 किमी पर आ जाने से बादल कड़के और बारिश हुई। जमे हुए बादलों के टूटकर गिरने पर ये पानी बनने के पहले जमीन पर पहुंच गए जिससे ज्यादातर हिस्सों में ओले गिरे। दिल्ली में रविवार से 20 मार्च तक सुबह हल्का कोहरा या धुंध छोड़ दें तो मौसम साफ होगा।
आफत: कई जगह ट्रैफिक जाम, वाहन चालकों को रास्ता बदलने की दी सलाह
दिल्ली में मानसून जून के अंतिम सप्ताह में आता है लेकिन इस साल मार्च में ही बारिश ने मानसून के हालात बना रहे हैं। शुरुआती 14 दिन में रिकार्डतोड़ बारिश हुई जिसमें 10-14 मार्च के बीच सिर्फ 12 मार्च को छोड़ दें तो हर दिन बारिश हुई है। शनिवार को सफदरजंग में कुछ ही घंटों में 37 मिमी और लोधी रोड पर 47.6 मिमी बारिश हो गई। इस बेमौसम बारिश के कारण सड़कों की हालत और मानसून में जलभराव से ट्रैफिक जाम का ट्रेलर सामने आया है। ट्रैफिक पुलिस ने खुद दो दर्जन से अधिक सड़कों पर जलभराव से ट्रैफिक प्रभावित होने का अलर्ट कर वाहन चालकों को रास्ता बदलने की सलाह दी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार माधव चौक बवाना, आजादपुर फ्लाईओवर से फल मंडी, आनंद पर्वत, कश्मीरी गेट, विकास मार्ग, आईजी स्टेडियम, आईपी फ्लाईओवर, एनएच-24 पर गाजीपुर से सराय काले खां, यमुना बाजार रिंग रोड, रिंग रोड पर डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास जलभराव से ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
रिकॉर्ड: दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय बाद इतने अधिक ओले गिरे
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 फरवरी, 2019 के बाद को जिस तरह से दिल्ली-एनसीआर में ओले गिरे थे, उसके बाद लंबे समय में पहली बार इतने अधिक ओले गिरे हैं। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे 24.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा 67-98 फीसदी के बीच रही। अधिकतम तापमान सबसे नीचे आया नगर केंद्र पर 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। चौबीस घंटे की बारिश की बात करें तो 1992 से अभी तक सबसे अधिक बारिश 2 मार्च 2015 को 56.8 मिमी हुई और अब दूसरी सबसे अधिक बारिश 14 मार्च, 2020 को 37 मिमी हुई है। इससे अलावा चौबीस घंटे में 20 मिमी से 27.2 मिमी बारिश मार्च 2005 और 13 मार्च 2007 में हुई थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.