पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Career
  • After DU, IIT JNU And Jamia Also Cancels Classes Due To Coronavirus, Infection Reached In 13 States

डीयू, आईआईटी के बाद अब जेएनयू और जामिया में भी क्लासेस रद्द, 13 राज्यों में पहुंचा संक्रमण

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

एजुकेशन डेस्क. देश में लगातार तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के चलते दिल्ली यूनिवर्सिटी, आईआईटी दिल्ली के बाद अब जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) और जामिया मिलिया इस्लामिया ने भी सभी कक्षाएं और परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटीज ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी कक्षाओं को रोकने और सभी परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया है। इस बारे में जेएनयू प्रशासन ने शुक्रवार को एक नोटिस जारी कर बताया कि 31 मार्च तक यूनिवर्सिटी में सभी एग्जाम्स और क्लासेस को रद्द कर दिया गया है।

क्लास प्रेजेंटेशन, वर्कशॉप, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार स्थगित
जेएनयू प्रबंधन ने जारी नोटिस में बताया कि देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर क्लास प्रेजेंटेशन, वर्कशॉप, कॉन्फ्रेंस के साथ ही सेमिनार जैसे बड़े कार्यक्रमों को भी रद्द करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा जेएनयू कैंपस में रह रहे स्टूडेंट्स को भी कोरोनावायरस से बचाव से जुड़ी सभी सावधानियां बरतने की सलाह भी दी गई है। वहीं, जामिया मिलिया इस्लामिया ने भी शुक्रवार को सभी क्लासेस 31 मार्च तक स्थगित करते हुए सभी स्टूडेंट्स को ज्यादा संख्या में जमा ना होने की सलाह दी है। इसके अलावा जामिया मिलिया इस्लामिया ने अपने सभी स्कूलों को भी 31 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए हैं। हालांकि बोर्ड की परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। 

डीयू और आईआईटी दिल्ली में क्लासेस रद्द
इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी ने भी यूजी और पीजी की सभी परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। यूनिवर्सिटी ने यूजी- पीजी की इंटर्नल परीक्षा भी 31 मार्च तक टाल दी हैं। इसके अलावा यूनिवर्सिटी ने वर्कशॉप, सम्मेलनों सहित सभी कार्यक्रमों को भी रद्द कर दिया है। साथ ही इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) दिल्ली में भी कोरोना वायरस के चलते 31 मार्च तक क्लासेस, परीक्षाएं और सार्वजनिक समारोहों को रद्द करने के आदेश दिए थे। यही नहीं, सभी स्टूडेंट्स को 15 मार्च रविवार तक हॉस्टल खाली करने के भी आदेश दिए गए हैं।

दिल्ली के सभी स्कूल,कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद
वहीं कोरोनावायरस के चलते आईआईटी अहमदाबाद, आईआईएम लखनऊ और एक्सएलआरआई जमशेदपुर ने भी अपनी ग्रेजुएशन सेरेमनी को स्थगित कर दिया है। साथ ही दिल्ली सरकार ने शहर में स्कूल, कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद करने की घोषणा की है। देश में अब तक संक्रमण के 90 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 2 लोगों की कोरोनावायरस से मौत की पुष्टि हो चुकी हैं।