हाल ही में एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड की पॉलिटिक्स से परेशान होकर हॉलीवुड की फिल्में ज्वाइन करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने कहा कि उन्हें मन-मुताबिक काम नहीं मिल रहा था और कोई उन्हें कास्ट करने को तैयार नहीं था।
इसी बीच कंगना रनोट ने प्रियंका के बॉलीवुड इंडस्ट्री से बाहर जाने के लिए करण जौहर को जिम्मेदार ठहराया है।
करण जौहर ने प्रियंका को बैन कर दिया था- कंगना
कंगना ने कहा है कि करण जौहर ने प्रियंका चोपड़ा को इंडस्ट्री से एक तरह से बैन कर दिया था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि- करण जौहर ने आउटसाइडर्स को मौके नहीं दिए। प्रियंका आउटसाइडर थीं इसलिए उन्हें कोई अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं कर रहा था। यही वजह है कि प्रियंका इंडस्ट्री में काफी टकराव महसूस कर रही थीं।
प्रियंका को कुछ लोगों से शिकायत थी- कंगना
ट्वीट करते हुए कंगना ने लिखा- प्रियंका को कुछ लोगों से शिकायत थी, वो उनकी बात और कंडीशन्स पर राजी नहीं थी इसलिए उन्हें कॉर्नर किया जा रहा था। उनके लिए इसे मैनेज करना मुश्किल होता जा रहा था। इस वजह से उन्होंने अपने मैनेजर अंजुला आचार्या की मदद से बॉलीवुड से एग्जिट कर लिया।
हालांकि, इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने बिना किसी का नाम लिए इंडस्ट्री से कॉर्नर किए जाने की बात की थी।
प्रियंका को बुली किया गया- कंगना
कंगना ने थ्रेड में लिखा- प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के बारे में ये बताया है कि लोगों ने उन्हें बुली किया, उनके खिलाफ गए और उन्होंने प्रियंका जैसी सेल्फ-मेड वुमन को इंडस्ट्री छोड़ने को मजबूर कर दिया। सब जानते हैं कि करण जोहर ने उन्हें बैन कर दिया था।
करण ने प्रियंका को पंचिंग बैग जैसा ट्रीट किया- कंगना
कंगना ने आगे लिखा- मीडिया ने कई रिपोर्ट्स में इस बात का जिक्र किया है कि प्रियंका और शाहरुख की दोस्ती की वजह से करण जौहर ने प्रियंका को लगभग बायकॉट कर दिया था। कंगना ने करण जौहर को क्रुएला मूवी माफिया कहते हुए कहा कि वो हमेशा आउटसाइडर्स को बाहर खदेड़ने की फिराक में रहते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मूवी माफिया को प्रियंका में अपने लिए परफेक्ट पंचिंग बैग मिल गया और उन्होंने प्रियंका को इस हद तक परेशान किया कि उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ दी, देश छोड़ना पड़ा।
मूवी माफिया के खिलाफ हो कार्रवाई- कंगना
कंगना ने कहा- ऐसे बेकार, टॉक्सिक, जेलस और घिनौने आदमी के खिलाफ फिल्म इंडस्ट्री का कल्चर बिगाड़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। ये इंडस्ट्री इससे पहले कभी भी आउटसाइडर्स से भेदभाव नहीं करती थी।
अमिताभ बच्चन और शाहरुख के दिनों में ऐसा कम ही होता था। उनके पूरे गैंग और माफिया पीआर पर रेड होनी चाहिए और बाहर वालों को परेशान करने, टॉर्चर करने के लिए उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
कॉफी विद करण सीजन 5 में कंगना ने करण को नेपोटिज्म का नेता कहा था। कई मौकों पर कंगना ने कहा है कि मुझे काम नहीं मिलता और इसके लिए करण जौहर जिम्मेदार हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.