सुशांत सिंह राजपूत स्टारर 'छिछोरे' जैसी फिल्मों में नजर आईं एक्ट्रेस अभिलाषा पाटिल का निधन हो गया है। वे कोरोना वायरस से जूझ रही थीं। बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। वे अपने पीछे पति और बेटे को छोड़ गई हैं। अभिलाषा के साथ जी युवा के मराठी सीरियल 'बाप माणुस' में दिखाई दिए अभिनेता संजय कुलकर्णी ने उनके निधन की पुष्टि की।
बनारस से मुंबई लौटते ही हुईं कोविड पॉजिटिव
एक न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कुलकर्णी ने कहा, "बीती शाम करीब 6 बजे मुझे ज्योति पाटिल का कॉल आया, जिन्होंने हमारे साथ 'बाप माणुस' में काम किया है। उन्होंने बताया कि अभिलाषा की हालत नाजुक है। मैंने सुना है कि वे बनारस गई थीं, जहां उन्होंने बुखार आया और मुंबई वापसी के बाद उनका कोविड टेस्ट पॉजिटिव निकला।"
कुलकर्णी ने आगे कहा "मैंने अभिलाषा से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उनके दोनों नंबर्स बंद थे। फिर रात करीब 8:30 बजे 'बाप माणुस' में हमारे बेटे का रोल करने वाले अभिनेता आनंद प्रभु ने उनके निधन की जानकारी दी। यह बहुत ही शॉकिंग है, क्योंकि अभी उन्हें अपनी जिंदगी में काफी कुछ अचीव करना था। उनके पास कुछ प्लान थे। अभिलाषा बहुत ही नेक दिल और कड़ी मेहनत करने वाली आर्टिस्ट थीं। यह इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।"
'छिछोरे' में निभाया था नर्स का किरदार
अभिलाषा ने नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'छिछोरे' में नर्स का किरदार निभाया था। इसके अलावा उन्होंने अक्षय कुमार, करीना कपूर स्टारर 'गुड न्यूज' और वरुण धवन, आलिया भट्ट स्टारर 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया था। वे मराठी की 'तुझा मांझा अरेंज मैरिज', 'बायको देता का बायको' और 'पेप्सी' जैसी फिल्मों में भी नजर आई थीं।
कोरोना ने इंडस्ट्री के कई सेलेब्स छीन लिए
कोरोना से अब तक कई एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलेब्स का निधन हो चुका है। इनमें हिंदी और भोजपुरी फिल्मों की एक्ट्रेस श्रीपदा, 'गाजी अटैक' जैसी फिल्मों के अभिनेता मेजर बिक्रमजीत कंवरपाल, नदीम-श्रवण जोड़ी फेम म्यूजिशियन श्रवण राठौड़, 'जिस देश में गंगा रहना है' जैसी फिल्मों के एक्टर किशोर नंदलास्कर, सिनेमैटोग्राफर केवी आनंद, एडिटर वामन भोंसले और सीरियल 'महाभारत' में इंद्र का किरदार निभाने वाले सतीश कौल जैसे कई दिग्गज नाम शामिल हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.