लॉकडाउन में कई लोगों की मदद कर मसीहा बने एक्टर सोनू सूद ने कुछ अज्ञात ठगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। इन जालसाजों ने दावा किया था कि सोनू की 'सूद चैरिटी फाउंडेशन' के तहत लोन दिया जा रहा है। सोनू की फाउंडेशन के नाम पर इन ठगों ने उत्तर प्रदेश में कई लोगों से लोन के लिए 3500 रुपए का कानूनी शुल्क देने को भी कहा है। खबरों के मुताबिक, सोनू सूद ने मुंबई पुलिस में इन अज्ञात धोखेबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इन ठगों ने सोनू सूद फाउंडेशन के नाम से एक लोन अप्रूवल लेटरहेड भी बनाया है। जैसे ही सोनू को इसके बारे में पता चला, उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद इस फेक लेटरहेड को शेयर कर अपने फैंस को आगाह किया और कहा कि वे इस धोखाधड़ी में न फंसे। उन्होंने उन लोगों को भी चेतावनी दी है, जो उनके नाम का दुरुपयोग कर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं।
कृपया इन घोटालों और धोखाधड़ी से सावधान रहें
सोनू सूद ने अपने फाउंडेशन के नाम से बने फर्जी लेटरहेड को शेयर कर लिखा, "'सूद चैरिटी फाउंडेशन' किसी भी तरह का लोन नहीं देता है। कृपया इन घोटालों और धोखाधड़ी से सावधान रहें। ऐसा ही एक नकली नंबर +91 90072 24111 है, धन्यवाद!" फर्जी लेटरहेड में दावा किया जा रहा है कि फाउंडेशन की ओर से आपको 5 लाख रुपए का लोन दिया जा रहा है। साथ ही ये लोन देने के लिए लीगल चार्ज के रुप में 3500 रुपए भी मांगे जा रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.