देश में कोरोना की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है। हर दिन कोरोना के नए मरीजों और इससे होने वाली मौतों की संख्या में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। लगातार बढ़ते मरीजों के आंकड़ों के चलते देश में स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा गई है। मरीजों को बेड्स, ऑक्सिजन और दवाइयों की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच सोनू सूद, अक्षय कुमार, अजय देवगन जैसे कई बॉलीवुड सिलेब्रेटीज मदद के लिए आगे आए हैं। लंदन में मौजूद प्रियंका चोपड़ा भी सोशल मीडिया के जरिए इंडिया के लोगों की मदद करने की कोशिश कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर दुनियाभर के लोगों से भारत की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।
भारत मेरा घर है और इस समय घायल
प्रियंका चोपड़ा ने वीडियो में कहा, ''हमें चिंता और देखभाल करने की आवश्यकता क्यों है? ये अभी सबसे ज्यादा जरूरी क्यों है? मैं लंदन में बैठी हूं और भारत में रह रही अपनी फैमिली और फ्रेंड्स से सुन रही हूं कि कैसे वहां अस्पतालों की क्षमता खत्म हो गई है। ICUs नहीं है, एम्बुलेंस बहुत ज्यादा व्यस्त हैं, ऑक्सीजन सप्लाई कम है। शमशान घाटों में ढेरो अंतिम संस्कार एक साथ हो रहे हैं, क्योंकि मरने वालों की संख्या इतनी ज्यादा है। भारत मेरा घर है और इस समय घायल है।''
ग्लोबल कम्युनिटी के तौर पर चिंता करने की जरूरत
प्रियंका चोपड़ा ने आगे कहा, ''हमें एक ग्लोबल कम्युनिटी के तौर पर चिंता करने की जरूरत है। और मैं आपको बताती हूं कि चिंता करने की जरूरत क्यों है। क्योंकि जब तक सभी सुरक्षित नहीं होंगे, तो कोई भी सुरक्षित नहीं है। तो कृपया करके अपने संसाधनों का इस्तेमाल करें और अपनी एनर्जी को इस महामारी को रोकने में लगाएं। प्लीज डोनेट करें।''
वीडियो में आगे अपनी बात खत्म करते हुए प्रियंका ने कहा, ''मैं समझती हूं कि बहुत से लोग गुस्से में होंगे और सोच रहे होंगे कि हम इस जगह पर हैं ही क्यों? हमारे साथ ये क्यों हो रहा है? हम इस बारे में बात करेंगे, लेकिन पहले वो करना है जो ज्यादा जरूरी है। प्लीज डोनेट कीजिए, अपने संसाधनों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। भारत को आपकी जरूरत है।''
मैंने एक फंडरेजर की शुरुआत की है, प्लीज टोनेट करें
वीडियो के कैप्शन में प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि GiveIndia के साथ मिलकर उन्होंने एक फंडरेजर की शुरुआत की है। उन्होंने लिखा, "भारत, मेरा घर, कोविड से बुरी तरह से प्रभावित है। हम सभी को मदद करने की आवश्यकता है। लोग रिकॉर्ड संख्या में मर रहे हैं। हर जगह बीमारी है और यह बहुत तेजी से बड़े पैमाने पर फैल रही है। मैंने GiveIndia के साथ मिलकर एक फंडरेजर की शुरुआत की है। GiveIndia एक सबसे बड़े ऑर्गेनाइजेशन है, जो भारत को कोविड रिलीफ प्रदान करता है। जो कुछ भी आप डोनेट कर सकते हैं करिए, वास्तव में इससे एक फर्क पड़ता है। यहां पर लगभग 63 मिलियन लोग मुझे फॉलो करते हैं। अगर आप एक लाख लोग 10 डॉलर भी डोनेट करते हैं, तो यह टोटल 1 मिलियन डॉलर होता है और यह एक बहुत बड़ी राशी हो जाती है।"
वायरस को हराने की जरूरत है और इसके लिए सभी को साथ आना होगा
प्रियंका ने कैप्शन में आगे लिखा, "आपका डोनेशन सीधे हेल्थकेयर फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल इक्विपमेंट, वैक्सीन सपोर्ट के लिए जाएगा। प्लीज-प्लीज डोनेट। निक और मैंने पहले ही इसमें डोनेट कर दिया है और हम आगे भी इसमें अपना योगदान देना जारी रखेंगे। हम सभी ने देखा है कि यह वायरस कितना दूर तक फैल सकता है। हमारे बीच कितनी भी दूरी हो कोई फर्क नहीं पड़ता है। जब तक हर कोई सुरक्षित नहीं है कोई भी सुरक्षित नहीं है। इतने सारे लोगों को इतने सारे तरीकों से मदद करने के लिए कदम बढ़ाते देखना बहुत अच्छा लगता है। हमें इस वायरस को हराने की जरूरत है और ऐसा करने के लिए हम सभी की आवश्यकता है। मेरे दिल की गहराई से सभी का धन्यवाद। अभी डोनेट करें-लिंक इन बायो।"
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.