मदद का हाथ:फिल्म इंडस्ट्री के डेली वेजेस वर्कर्स की मदद के लिए आगे आए आदित्य चोपड़ा, उनके खाते में ट्रांसफर करेंगे 5 हजार रुपए

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोविड-19 की दूसरी लहर के चलते फिल्म इंडस्ट्री थम-सी गई है। पिछली बार की तरह इस बार भी आदित्य चोपड़ा फिल्म इंडस्ट्री के हजारों दिहाड़ी कामगारों के खातों में सीधे तौर पर पैसे डालकर उनकी मदद करेंगे। कामगारों की मदद करने के इरादे से 'यश चोपड़ा साथी इनिशिएटिव' लॉन्च किया है। यश चोपड़ा फाउंडेशन इस पहल के तहत इंडस्ट्री की महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के खाते में 5000 रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर करेगा।

हर वर्कर की फैमिली को एक महीने का राशन किट भी दिया जाएगा
इसके अलावा फाउंडेशन की तरफ से हर वर्कर की फैमिली को पूरे एक महीने के लिए राशन किट भी दिया जाएगा। यह राशन किट फाउंडेशन के पार्टनर NGO 'यूथ फीड इंडिया' के माध्यम से वितरित किया जाएगा। यशराज फिल्म्स (YRF) की यह मदद हासिल करने के लिए जरूरतमंद लोग वेबसाइट https://yashchoprafoundation.org पर जाकर एक ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रक्रिया के माध्यम से तुरंत आवेदन भी कर सकते हैं।

YRF के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट विधानी ने बताया, - "यश चोपड़ा फाउंडेशन हिंदी फिल्म इंडस्ट्री और इसके उन कामगारों का एक सतत सपोर्ट सिस्टम बनने के लिए प्रतिबद्ध है, जो फिल्मों की हमारी 50 वर्षीय इस यात्रा का अंतरंग हिस्सा रहे हैं। महामारी के बीच हम ऐसे कामगारों और उनके परिवार वालों की मदद करना चाहते हैं, जिनकी आजीविका छिन गई है। यश चोपड़ा साथी इनिशिएटिव नामक पहल हमारी इंडस्ट्री के महामारी से प्रभावित उन कामगारों को मदद पहुंचाने का लक्ष्य है, जो इस समय जरूरतमंद हैं।"