कोविड पॉजिटिव अमिताभ बच्चन बेटे अभिषेक के साथ पांच दिन से नानावटी हॉस्पिटल में एडमिट हैं। हालांकि, इस दौरान भी बिग बी अपने फैन्स से बराबर इंटरैक्ट कर रहे हैं। वे अपने ब्लॉग और ट्विटर के जरिए लगातार अपना संदेश उन तक पहुंचा रहे हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात उन्होंने विदुर नीति का श्लोक साझा कर उन 6 लोगों के बारे में बताया, जो हमेशा दुखी रहते हैं।
बिग बी ने ब्लॉग और ट्विटर हैंडल पर लिखा-
ईर्ष्यी घृणी त्वसंतुष्ट: क्रोधनो नित्यशड्कितः।
परभाग्योपजीवी च षडेते दुखभागिनः।।
अर्थात- सभी से ईर्ष्या, घृणा करने वाले, असंतोषी, क्रोधी, सदा संदेह करने वाले और पराए आसरे जीने वाले ये छः प्रकार के मनुष्य हमेशा दुखी रहते हैं। अतः यथा संभव इन प्रवृत्तियों से बचना चाहिए।
बिग बी ने अपना यह संदेश संस्कृत और हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी में भी लिखा है। साथ ही वे लिखते हैं- समझने वाले समझ गए हैं, जो न समझे वो अनाड़ी है।
तीन साल पहले भी शेयर किया था यही श्लोक
बिग बी ने तीन साल पहले भी यह श्लोक ट्विटर पर साझा किया था। हालांकि, 7 और 8 सितंबर 2017 की दरमियानी रात 12:46 बजे उन्होंने अपने इस ट्वीट में श्लोक का भावार्थ नहीं बताया था। उनके फैन्स ने कमेंट बॉक्स में इसका हिंदी अनुवाद लिखा था।
अस्पताल में रहना पड़ सकता है कुछ और दिन
मंगलवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अस्पताल से जुड़े सूत्रों के हवाले से खबर देते हुए बताया था कि बच्चन पिता-पुत्र को कम से कम 7 दिन तक अस्पताल में ही रहना होगा। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया था कि दोनों का अगला टेस्ट 5-6 दिन बाद होगा।
10-12 दिन में ज्यादा दिखता है कोरोना का असर
रविवार को नानावटी हॉस्पिटल के क्रिटिकल केयर सर्विस के हेड डॉ. अब्दुल समद अंसारी ने कहा, ‘‘जब से अमिताभ में कोविड के लक्षण दिख रहे हैं, तब से संभवतः यह पांचवां दिन है। मरीजों में कोरोना का असर 10वें या 12वें दिन ज्यादा दिखता है।’’ संभवतः इसी वजह से अमिताभ और अभिषेक को कम से कम 7 दिन अस्पताल में रखने की बात की जा रही है।
हालांकि, अंसारी ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया था कि सभी के साथ ऐसा (10वें या 12वें दिन कोरोना का ज्यादा असर) नहीं होता। कई लोगों में हल्के लक्षण ही रहते हैं।
शनिवार से भर्ती हैं अमिताभ-अभिषेक
हल्के लक्षण दिखने के बाद शनिवार शाम 77 साल के अमिताभ और 44 साल के अभिषेक खुद कार चलाकर नानावटी हॉस्पिटल पहुंचे थे। दोनों ने अपने कोविड पॉजिटिव होने की जानकारी ट्विटर पर साझा की थी।
रविवार को अमिताभ की बहू ऐश्वर्या राय और पोती आराध्या का टेस्ट पॉजिटिव आया। दोनों घर में ही आइसोलेट हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो वे भी तेजी से कोरोना से उबरने की ओर बढ़ रही हैं। अमिताभ की पत्नी जया बच्चन, बेटी श्वेता, नातिन नव्या और नाती अगस्त्य नंदा की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.