दिग्गज सिंगर लता मंगेशकर कोरोना से संक्रमित होने के बाद बीते 16 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन, इस बीच लता मंगेशकर की खराब सेहत और निधन की खबरें भी सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही हैं। अब हाल ही में केंद्रीय मंत्री और एक्ट्रेस स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लोगों से लंता मंगेशकर की खराब तबीय की झूठी खबरें न फैलाने की अपील की है।
लता दीदी रिकवर हो रही हैं और जल्द घर लौट आएंगी
स्मृति ईरानी ने पोस्ट शेयर कर लिखा, "लता दीदी की फैमिली के ओर से रिक्वेस्ट है कि अफवाहें न फैलाएं। वे इलाज के बाद अब रिकवर हो रही हैं और भगवान के आशीर्वाद से जल्द ठीक होकर घर लौट आएंगी। किसी भी तरह की अटकलों से बचें और लता दीदी के जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना जारी रखें।" 92 साल की लता मंगेशकर को कोरोना और निमोनिया के कारण 8 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फैंस भी उनके जल्द ठीक होकर घर वापस लौटने के लिए दुआएं कर रहे हैं।
रिक्वेस्ट है कि परेशान करने वाली अटकलों पर रोक लगाइए
स्मृति ईरानी से पहले लंता मंगेशकर के सोशल मीडिया अकाउंट से भी पोस्ट शेयर कर उनकी फैमिली ने परेशान करने वाली खबरों पर रोक लगाने के लिए कहा है। पोस्ट में लिखा, 'आप सभी से दिल से रिक्वेस्ट है कि परेशान करने वाली अटकलों पर रोक लगाइए। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समधानी ने अपडेट दिया है कि लता दीदी में पहले से सुधार के पॉजिटिव साइन दिखाई दे रहे हैं और उनका इलाज ICU में चल रहा है। हम उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने और घर वापस आने की प्रार्थना करते हैं।"
लता मंगेशकर की करीबी दोस्त ने बताया हाल
हाल ही में लता मंगेशकर की करीबी दोस्त अनुषा श्रीनिवासन अय्यर ने बताया था, "लता दीदी की सेहत में पहले से काफी सुधार है, पर अभी वह ICU में ही हैं। डॉक्टर प्रतीत समधानी की निगरानी में डॉक्टरों की बेस्ट टीम उनकी देखरेख कर रही है। हम प्रार्थना कर रहे हैं कि वह जल्दी ठीक होकर घर वापस आ जाएं।"
अस्पताल में लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समधानी ने शनिवार को उनकी हेल्थ को लेकर लेटेस्ट अपडेट दिया था। उन्होंने कहा था, "सिंगर लता मंगेशकर अभी भी ICU वार्ड में हैं, लेकिन आज उनके स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार हुआ है। उन्हें मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रखा गया है। किसी को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं है।" डॉक्टर प्रतीत समधानी ही पिछले कुछ साल से लता मंगेशकर का इलाज कर रहे हैं। स्वर कोकिला को 2 साल पहले नवंबर 2019 में भी सांस लेने में तकलीफ और निमोनिया होने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। तब वे 28 दिन तक अस्पताल में भर्ती रही थीं।
लता मंगेशकर को 2001 में भारत रत्न से नवाजा गया था
भारतीय सिनेमा के सबसे महान गायकों में से एक लता मंगेशकर ने 1942 में 13 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें संगीत की दुनिया में 80 साल हो चुके हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई भारतीय भाषाओं में 30,000 से ज्यादा गाने गाए हैं। अपने 7 दशक से अधिक के करियर में उन्होंने 'अजीब दास्तां है ये', 'प्यार किया तो डरना क्या', 'नीला आसमान सो गया' और 'तेरे लिए' जैसे कई यादगार गाने गाए हैं।
भारत की कोकिला के रूप में जानी जाने वाली गायिका को पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के अवॉर्ड, कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित कई पुरस्कारों और सम्मानों से नवाजा गया है। संगीत में उनके योगदान को देखते हुए 2001 में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.