एक्ट्रेस और ऑथर ट्विंकल खन्ना ने उस सोशल मीडिया यूजर्स को करारा जवाब दिया है, जिसने उनके पति अक्षय कुमार को सबसे रईस स्टार्स में शामिल करते हुए उन पर लोगों की मदद न करने का आरोप लगाया था। दरअसल, ट्विंकल ने दो NGO के साथ मिलकर कोरोना मरीजों के लिए क्राउड फंडिंग जुटानी शुरू की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए अपील की है, "इंडियन हॉस्पिटल्स के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स पाने में हमें मदद करने के लिए अभी डोनेट करें।" उन्होंने एक लिंक भी इसके साथ साझा की।
रिटायर्ड IAS ने की घेरने की कोशिश
ट्विंकल की इसी पोस्ट पर कमेंट करते हुए रिटायर्ड IAS सूर्य प्रताप सिंह ने उन्हें घेरने की कोशिश की थी। सिंह ने लिखा था, "ट्विंकल जी, आपके पतिदेव देश के सबसे अमीर कलाकारों में से हैं। चंदा जुटाकर मदद करने का ड्रामा करने की जगह बेहतर होता कि आपका परिवार थोड़ा और दिल बड़ा कर लेता। ये मदद मांगने का नहीं, मदद करने का वक्त है।"
ट्विंकल ने जवाब में क्या लिखा?
ट्विंकल ने सिंह को जवाब देते हुए लिखा, "इस कॉज के लिए 100 कंसंट्रेटर्स दान और कई तरीके से मदद कर चुके हैं। जैसा कि मैंने पहले कहा था। यह मेरे या आपके लिए नहीं है। बल्कि इस बारे में है कि हम मिलकर जरूरतमंदों की क्या मदद कर सकते हैं। दुख की बात है कि हम मदद करने की बजाय अपनी ऊर्जा दूसरों को नीचा दिखाने में खर्च कर रहे हैं। सुरक्षित रहें।"
ट्विंकल ने बताई थी दान की बात
ट्विंकल खन्ना ने हाल ही में सोशल मीडिया पर बताया था कि अक्षय और उन्होंने 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स दान किए हैं। उन्होंने लिखा था, "बहुत अच्छी खबर है कि लंदन एलीट हेल्थ की डॉ. द्रश्निका पटेल और डॉ. गोविंद बंकानी देविक फाउंडेशन के माध्यम से 120 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स दान कर रहे हैं। वहीं, अक्षय कुमार और मैंने 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स की व्यवस्था की है। अब हमारे पास टोटल 220 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स हो गए हैं। लीड्स के लिए शुक्रिया। चलो सब अपना योगदान देते हैं।"
अक्षय भी लगातार मदद कर रहे
महामारी के कारण बिगड़े हालात के बीच अक्षय कुमार लगातार मदद कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने गौतम गंभीर फाउंडेशन को एक करोड़ रुपए का दान दिया था। कोरोना की पहली लहर के दौरान भी उन्होंने दिल खुलकर मदद की थी। उन्होंने PM केयर्स फंड में 25 करोड़ रुपए का योगदान दिया था। इसके बाद बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) को PPE किट्स खरीदने के लिए 3 करोड़ रुपए दिए थे। मुंबई पुलिस की मदद के लिए उन्होंने 2 करोड़ रुपए डोनेट किए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने दिहाड़ी मजदूरों से लेकर इंडस्ट्री के फोटोग्राफर्स तक को आर्थिक सहायता पहुंचाई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.