रियल लाइफ स्टोरी:रेड 2, इमरजेंसी से गंगूबाई काठियावाड़ी तक, इन अपकमिंग फिल्मों में दिखेंगी असल जिंदगी की घटनाएं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हाल ही में कानपुर के इत्र व्यापारी पीयूष जैन के घर छापेमारी में करोड़ों रुपए कैश और कई किलो सोना बरामद किया गया है। अब इस रेड से इंस्पायर होकर फिल्ममेकर कुमार मंगत पाठक रेड का सीक्वल रेड 2 लेकर आ रहे हैं। 2018 की ही तरह इस फिल्म में भी अजय देवगन लीड रोल में नजर आएंगे। मेकर्स ने इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट भी कर दी है। रेड-2 के अलावा भी कई अपकमिंग फिल्में ऐसी हैं जिनमें असल जिंदगी की घटनाएं दिखाई जाने वाली हैं। आइए, जानते हैं वो फिल्में कौन सी हैं-

माफिया क्वीन पर फिल्म ला रहे हैं संजय लीला भंसाली

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में तैयार हुई फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी मुंबई के कमाठीपुरा की माफिया क्वीन गंगूबाई की असल कहानी पर आधारित है। गंगूबाई को कम उम्र में ही कोठे पर बेच दिया गया था, जिसके बाद वो संघर्ष करके मुंबई की माफिया क्वीन बनी थीं। फिल्म में आलिया भट्ट, गंगूबाई और अजय देवगन, करीम लाला के रोल में नजर आएंगे। इसे 18 फरवरी 2022 में रिलीज करने के लिए शेड्यूल किया गया है।

1975 की इमरजेंसी पर बन रही फिल्म

कंगना रनोट थलाइवी के बाद इमरजेंसी फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रोल में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में 1975 हुए आपात काल की कहानी दिखाई जाने वाली है। इस फिल्म को 2023 तक सिनेमाघरों में लाने की तैयारी है। कंगना ने एक पोस्ट के जरिए बताया है कि इस फिल्म का निर्देशन भी वो खुद करेंगी।

विकास दुबे पर बनेगी फिल्म

कानपुर के गैंगस्टर विकास दुबे पर जल्द ही बॉलीवुड फिल्म बनने वाली है। विकास को 2020 में एनकाउंटर में मारा गया था। संदीप कपूर ने बीते साल ही इस फिल्म की अनाउंसमेंट भी कर दी है। खबरों की मानें तो इस फिल्म में मनोज बाजपेयी गैंगस्टर विकास की भूमिका निभाएंगे।

पूर्व फुटबॉल कोच अब्दुल रहमान पर बन रही मैदान

अजय देवगन, कीर्ति सुरेश और प्रियमणि स्टारर फिल्म मैदान 3 जून 2022 में रिलीज हो रही है। ये फिल्म पूर्व फुटबॉल कोच सयैद अब्दुल रहमान की जिंदगी पर है, जिसका निर्देशन अमित शर्मा ने किया है। फिल्म को जी स्टूडियो ने प्रोड्यूस किया है।

मिताली राज की जिंदगी पर शाबाश मिथु

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी मिताली राज पर फिल्म बन रही है, जिसका टाइटल है शाबाश मिथु। इस फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में नजर आने वाली हैं, जिसका पोस्टर भी जारी कर दिया गया है। श्रीजीत मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को वायकॉम 18 ने प्रोड्यूस किया है।

पृथ्वीराज

अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर स्टारर फिल्म पृथ्वीराज 21 जनवरी 2022 में रिलीज हो रही है। ये फिल्म सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित है। फिल्म को चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने डायरेक्ट किया है।

सैम मॉनेक शॉ पर सैम बहादुर

विक्की कौशल जल्द ही फील्ड मार्शल सैम मानेक शॉ की जिंदगी पर आधारित फिल्म सैम बहादुर में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म से विक्की का पहला लुक भी जारी कर दिया गया है। फिल्म को रॉनी स्क्रूवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म को 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बैकड्रॉप में तैयार किया गया है, जहां मानेक शॉ के चलते 90 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने हथियार डाल दिए थे।

खबरें और भी हैं...