ग्रैमी अवॉर्ड्स 2023 के विजेताओं की अनाउंसमेंट की हो चुकी है। भारतीय समयानुसार 6 फरवरी को अमेरिका के लॉस एंजिलिस में अवॉर्ड सेरेमनी रखी गई, जिसमें दुनियाभर के तमाम गायकों और कंपोजर्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अवॉर्ड सेरेमनी में एक बार फिर भारतीय संगीतकार रिकी केज ने तीसरा ग्रैमी अवॉर्ड जीत लिया। रिकी को उनकी एल्बम डिवाइन टाइड्स के लिए ग्रैमी अवॉर्ड से नवाजा गया है। सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करते हुए रिकी ने इस बात की जानकारी दी है।
ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ शेयर किया अवॉर्ड
बता दें कि रिकी ने मशहूर ब्रिटिश रॉक बैंड द पुलिस के ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ यह अवॉर्ड शेयर किया है। उन्होंने इस एल्बम में रिकी के साथ काम किया है। दोनों को यह अवॉर्ड सर्वश्रेष्ठ इमर्सिव ऑडियो एल्बम कैटेगरी में दिया गया है।
अपने पोस्ट में रिकी ने लिखा- ‘मैंने अपना तीसरा ग्रैमी अवॉर्ड जीत लिया है। बेहद खुश और आभारी हूं, मैं इस अवॉर्ड को भारत के नाम डेडिकेट करता हूं।’
2015 और 2022 में भी मिला था ग्रैमी अवॉर्ड
2023 से पहले भी रिकी को उनके म्यूजिक एल्बम के लिए ग्रैमी अवॉर्ड मिल चुका है। बता दें की 2015 में उन्हें अपनी एल्बम विंड्स ऑफ समसारा के लिए यह अवॉर्ड जीता था। वहीं साल 2022 में दोबारा उन्होंने म्यूजिकल एल्बम डिवाइन टाइड्स के लिए बेस्ट न्यू एज एल्बम की कैटेगरी में स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ ग्रैमी जीता था। 2023 में भी उनके इस एल्बम को दोबारा ग्रैमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
30 देशों में जीते हैं 100 से ज्यादा अवॉर्ड
रिकी केज दुनियाभर के 30 देशों में कुल 100 से ज्यादा अवॉर्ड्स जीते हैं। रिकी को उनके काम के लिए यूनाइटेड नेशंस ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन आर्टिस्ट और यूथ आइकॉन ऑफ इंडिया के लिए नॉमिनेट किया जा चुका है। 2021 में रिलीज हुए उनके फेमस एल्बम डिवाइन टाइड्स में 9 गाने और आठ म्यूजिक वीडियो शामिल हैं।
कंगना ने दी रिकी जे को बधाइयां
एक्ट्रेस कंगना रनोट ने रिकी जे को उनकी इस सक्सेस के लिए बधाई दी है। ट्विटर पर पोस्ट शेयर करते हुए कंगना ने लिखा- बधाई हो सर। कंगना के अलावा इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलेब्स और फैंस ने भी रिकी को उनके ग्रैमी अवॉर्ड के लिए बधाइयां दी हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.