एक्टर सलमान खान और सिंगर मीका सिंह से फाइट के बीच स्वघोषित फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान उर्फ KRK ने अपना ट्विटर अकाउंट लॉक कर दिया है। उन्होंने अकाउंट की सेटिंग बदलते हुए इसे प्राइवेट कर दिया है। हालांकि, उन्होंने दोनों ही सेलेब्स पर हमला बोलना बंद नहीं किया है। उन्होंने अपनी ताजा पोस्ट में सलमान को गुंडा बताया और उन्हें चुनौती दी है कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे सामने आकर लड़ें।
मेरा वादा है तुम्हारा करियर बर्बाद कर दूंगा : KRK
KRK ने ताजा पोस्ट में लिखा है, "देखो बॉलीवुड के गुंडे भाई लड़ने की हिम्मत है तो खुद सामने आकर लड़ो। ये चिरकुट सिंगर, स्ट्रगलिंग एक्ट्रेसेस वगैरह को आगे करके उनके पीछे न छुपो। मेरा वादा है कि तुम्हारा करियर बर्बाद कर दूंगा और तुम्हे TV एक्टर बना दूंगा। यह तुम्हारा अंतिम वक्त है।"
मीका से ज्यादा अनुराग-करन के ड्राइवर की वैल्यू बताई
एक पोस्ट में KRK ने मीका सिंह पर निशाना साधते हुए लिखा है, "यह चिरकुट, गंवार सिंगर खुद को स्ट्रॉन्ग और अनुराग कश्यप और करन जौहर को कमजोर बता रहा है। इस लुक्खे का एक भाई जेल गया, फिर दूसरा भाई जेल गया और फिर ये खुद जेल गया। ये है इसकी औकात। करन और अनुराग के ड्राइवर की वैल्यू इससे ज्यादा है। अनपढ़ है न, कुछ भी फेकेगा।"
क्या है सलमान और मीका से KRK का विवाद?
हाल ही में सलमान खान ने KRK के खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया है। KRK का दावा है कि यह केस उनके द्वारा 'राधे :योर मोस्ट वांटेड भाई' के निगेटिव रिव्यू की वजह से किया गया है। जबकि सलमान की लीगल टीम ने एक बयान जारी करते हुए इस दावे को गलत बताया। टीम का कहना है कि KRK के खिलाफ यह केस इसलिए किया है, क्योंकि उन्होंने सलमान को बदनाम करने के उन्हें भ्रष्ट बताया है और उनकी संस्था बीइंग ह्यूमन पर धोखाधड़ी और पैसों की हेरफेर का आरोप लगाया है।
सलमान का पक्ष लेते हुए मीका सिंह ने भी KRK पर हमला बोला था। उन्होंने अपने एक बयान में कहा था, "मैं हैरान हूं कि सलमान भाई ने उसके खिलाफ केस करने में इतना वक्त क्यों लगाया। उस जैसे गधे को जितना जल्दी हो सके, सबक सिखाना चाहिए। वह हमेशा व्यक्तिगत टिप्पणी करता है, जो कि गलत है।" मीका ने आगे कहा था, "KRK इतना बड़ा चूहा है कि वह अपने बिल से बाहर नहीं निकलेगा। क्योंकि उसे पता है कि जैसे ही वह बाहर निकलेगा, उसे झापड़ पड़ने वाला है।" इसके बाद से KRK मीका और सलमान पर लगातार टिप्पणियां कर रहे हैं। वहीं, मीका भी सोशल मीडिया के जरिए KRK पर हमलावर हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.