स्वर कोकिला लता मंगेशकर कोरोना से संक्रमित होने के बाद इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में ICU में भर्ती हैं। उनका इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समधानी ने गुरुवार को अपने एक स्टेटमेंट में बताया है कि उनकी हेल्थ में अब थोड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा है कि लता मंगेशकर के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद भी उन्हें कुछ दिनों तक ICU वार्ड में ही भर्ती रखा जाएगा।
उनके स्वास्थ्य में अब थोड़ा सुधार हुआ है: प्रतीत समधानी
डॉक्टर प्रतीत समधानी ने ANI को बताया, "सिंगर लता मंगेशकर अभी भी ICU वार्ड में ही भर्ती हैं, लेकिन उनके स्वास्थ्य में अब थोड़ा सुधार हुआ है।" प्रतीत समधानी ने इससे पहले जारी किए अपने एक स्टेटमेंट में बताया था कि लता दीदी के लिए सबसे अच्छे डॉक्टर्स की टीम तैयार की गई है। भले ही वे ठीक हो रही हैं लेकिन, उनके परिवार वालों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। वे कोरोना के साथ-साथ निमोनिया से भी पीड़ित हैं। इसलिए अभी उन्हें 10-12 दिन ICU में ही रखा जाएगा।
पिछले कुछ सालों से प्रतीत समधानी ही कर रहे हैं उनका इलाज
डॉक्टर प्रतीत समधानी ही पिछले कुछ साल से लता मंगेशकर का इलाज कर रहे हैं। 92 साल की स्वर कोकिला को 2 साल पहले नवंबर 2019 में भी सांस लेने में तकलीफ और निमोनिया होने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। तब वे 28 दिन तक अस्पताल में भर्ती रही थीं।
वे कोरोना से जीतकर जल्द ही घर वापस आ जाएंगी
इससे पहले लता मंगेशकर की भतीजी रचना शाह ने बताया था कि उनकी कंडीशन अभी स्टेबल है और वे रिकवर कर रही हैं। अधिक उम्र के कारण उन्हें कई समस्याएं हैं। ऐसे में डॉक्टर उनका खास ख्याल रख रहे हैं। वे अगले कुछ दिन और हॉस्पिटल में ही भर्ती रहेंगी। वे एक फाइटर और विजेता हैं। मैं देशभर के उन सभी प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने उन्हें प्रार्थनाओं में रखा है। जब हर कोई प्रार्थना करता है तो कुछ भी गलत नहीं हो सकता। हमें पूरी उम्मीद है कि वे कोरोना से जीतकर जल्द ही घर वापस आ जाएंगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंगलवार को फोन कर लता मंगेशकर के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
लता मंगेशकर को घर के स्टाफ मेंबर के कारण हुआ कोरोना
दैनिक भास्कर से खास बातचीत में लता मंगेशकर के म्यूजिक लेबल 'एलएम म्यूजिक' के CEO मयुरेश पई ने बताया कि घर में काम करने वाले स्टाफ मेंबर्स सामान लेने बाहर आते-जाते रहते हैं। उनमें से ही एक स्टाफ मेंबर संक्रमित हो गया था। लता दीदी उसके संपर्क में आई थीं, इसलिए उनका कोविड टेस्ट कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
मयुरेश पई ने आगे बताया कि लता दीदी के परिवार में उनकी बहन उषा मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर समेत किसी भी सदस्य को कोरोना नहीं हुआ है। लता मुंबई के पैडर रोड स्थित अपने घर में फैमिली के साथ रहती हैं। वे 2019 के बाद से घर से निकली नहीं हैं। किसी से मिलती-जुलती भी नहीं हैं।
लता मंगेशकर को 2001 में भारत रत्न से नवाजा गया था
लता जी को संगीत की दुनिया में 80 साल हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 30 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। संगीत में उनके योगदान को देखते हुए 2001 में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया था। 1989 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड भी दिया गया। वे कई फिल्म फेयर और नेशनल अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.