सुर्खियों में शम्मी कपूर की शादी:34 साल की उम्र में हो गया था शम्मी कपूर की पहली पत्नी गीता बाली का निधन, दो बच्चों की खातिर नीला देवी से इस शर्त पर कर ली थी शादी

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

'गलियां', 'तेरे संग यारा', 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा', 'मैं फिर भी तुमको चाहूंगा' और 'तेरी मिट्टी' जैसे गानों के लिरिक्स लिखने वाले मनोज मुंतशिर हाल ही में 'इंडियन आइडल 12' में नजर आए। इस दौरान मनोज एक गलती कर बैठे जिसकी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर बैठे। दरअसल, मनोज ने शम्मी कपूर की जिंदगी के बारे में कुछ फैक्ट्स बताए जो कि गलत थे।

मनोज मुंतशिर ने कहा था कि गीता बाली से शादी के बाद दूसरी शादी नहीं की थी लेकिन ये फैक्ट गलत है जिसके बाद मनोज ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'आप सभी लोगों की तरह मैं भी भारतीय सिनेमा का बहुत बड़ा फैन हूं। कई बार फैंस न चाहते हुए भी गलती कर बैठते हैं। मैं आज के इंडियन आइडल एपिसोड में की गई फैक्चुअल गलती के लिए आप सबसे माफी मांगता हूं। शम्मी जी ने गीता बाली जी के निधन के बाद नीला देवी से शादी की थी।'

34 साल की उम्र में चल बसी थीं गीता बाली

वैसे बता दें कि 21 अक्टूबर, 1931 को मुंबई में जन्मे शम्मी की एक्टिंग और स्टाइल के साथ ही अफेयर के किस्से भी काफी मशहूर रहे। उन्होंने पहली शादी अभिनेत्री गीता बाली से की थी। हालांकि 1965 में महज 34 साल की उम्र में चेचक की वजह से गीता बाली की मौत हो गई, जिससे शम्मी बुरी तरह टूट गए थे। यहां तक कि उन्होंने खुद का ख्याल रखना भी छोड़ दिया था। इसके चलते उनका वजन भी काफी बढ़ गया था। वजन बढ़ने की वजह से बतौर हीरो उनका करियर में डाउन फॉल आने लगा।

घरवालों के दबाव में दूसरी शादी को हुए थे तैयार

गीता की मौत के समय उनके दोनों बच्चे आदित्य और कंचन काफी छोटे थे। इसके बाद फैमिली ने उन पर दूसरी शादी का दबाव बनाना शुरू किया। परिवार के दबाव में वे शादी के लिए राजी हो गए। गीता की मौत के चार साल बाद 1969 में उन्होंने भावनगर की रॉयल फैमिली की नीला देवी से दूसरी शादी किया। शादी से पहले ही शम्मी ने नीला के सामने शर्त रखी थी कि वे मां नहीं बनेंगी। उन्हें गीता के बच्चों को ही पालना होगा। नीला शम्मी की शर्त मान गईं और फिर वे जिदंगीभर अपने बच्चों की मां नहीं बनीं।

मंदिर में की थी पहली शादी

गीता बाली और शम्मी कपूर की लव स्टोरी फिल्म 'रंगीला रतन' की मेकिंग के दौरान 1955 में शुरू हुई थी। उस समय कपूर खानदान में ये नियम था कि कोई भी एक्ट्रेस से शादी नहीं करेगा। इस बात को लेकर शम्मी और गीता दोनों बेहद डरे हुए थे। इतना ही नहीं गीता उम्र में भी शम्मी से बड़ी थीं। दोनों ने पहली मुलाकात के तकरीबन चार महीने बाद मुंबई के एक मंदिर में गुपचुप शादी की थी और उसके बाद फैमिली को बताया था।

शम्मी कपूर ने अपनी शादी की बात फैमिली को बताई तो सभी नाराज हुए और उनसे बातचीत करना बंद कर दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद सब सामान्य हो गया था। शादी के बाद बेटा आदित्य राज कपूर और बेटी कंचन का जन्म हुआ। आदित्य राज कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में आने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बेटी कंचन की शादी मनमोहन देसाई के बेटे केतन देसाई से हुई है।

मुमताज थीं शम्मी पर फिदा

मुमताज जब 18 साल की थीं, तभी शम्मी कपूर ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया था। उस समय मुमताज भी शम्मी से प्यार करती थीं। शम्मी चाहते थे कि वे अपना फिल्मी करियर छोड़कर उनसे शादी कर लें। लेकिन मुमताज करियर नहीं छोड़ना चाहती थीं। इसलिए उन्होंने शादी के लिए ना कह दी और इस तरह दोनों का अफेयर खत्म हो गया। दोनों ने सिर्फ एक फिल्म 'ब्रह्मचारी' में साथ काम किया था।

शम्मी कपूर ने 22 साल की उम्र में फिल्म 'जीवन ज्योति' (1953) से एक्टिंग की शुरुआत की। उन्होंने 'नकाब' (1954), 'हम सब चोर है' (1956), 'उजाला' (1958), 'एन इवनिंग इन पेरिस' (1967), 'प्रिंस' (1968), 'सच्चाई' (1969), 'अंदाज' (1970), 'पगला कहीं का' (1970) सहित कई फिल्मों में काम किया था। उस दौर में गाना बजते ही शम्मी झूमने लगते थे, उन्हें किसी कोरियोग्राफर की जरूरत ही नहीं पड़ती थी। 14 अगस्त 2011 को उनका निधन हो गया था।