70-80 के दशक में शादी के बाद एक्ट्रेसेस का करियर खत्म मान लिया जाता था। इस वजह से कई एक्ट्रेस शादी करने से कतराती थीं लेकिन मुनमुन सेन उस दौर की ऐसी एक्ट्रेस थीं जिन्होंने फिल्मों में शादी के 6 साल बाद कदम रखा था। आज इनका 69वां बर्थडे है।
इनकी मां सुचित्रा सेन अपने जमाने की मशहूर एक्ट्रेस थीं। रईस परिवार में जन्मी मुनमुन बचपन से ही क्रिएटिव फील्ड में करियर बनना चाहती थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वो फिल्मों में भी एंट्री ले सकती हैं।
पढ़ाई पूरी करने के बाद उनकी शादी 24 साल की उम्र में त्रिपुरा राजघराने में हुई। शादी के 6 साल बाद वो पति के कहने पर फिल्मों में आईं और पहली ही फिल्म में अपने बोल्ड लुक से तहलका मचा दिया। इस वजह से उन्हें काफी आलोचना का सामना भी करना पड़ा। कई भाषाओं की फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने राजनीति का रुख किया। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ इनके अफेयर के चर्चे भी रहे।
आइए मुनमुन सेन के बर्थडे पर जानते हैं, उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ फैक्ट्स पर…
रईस परिवार में जन्मी थीं, मां सुचित्रा सेन थी फेमस एक्ट्रेस
मुनमुन का जन्म 28 मार्च 1954 को कोलकाता में वेटरन एक्ट्रेस सुचित्रा सेन और बिजनेसमैन दिबानाथ सेन के घर हुआ था। उनके परदादा दीनानाथ सेन त्रिपुरा के राजा के दीवान थे। मां एक्ट्रेस थीं इसलिए बचपन में मुनमुन उनके साथ शूटिंग के दौरान सेट पर जाया करती थीं लेकिन मां नहीं चाहती थीं कि वो फिल्मों में काम करें।
वो मुनमुन को बहुत पढ़ाना चाहती थीं इसलिए उन्होंने बेटी मुनमुन की शुरुआती पढ़ाई शिलॉन्ग और कोलकाता से कराने के बाद उसे ग्रेजुएशन के लिए लंदन भेज दिया।
पेटिंग्स का शौक था
मुनमुन पढ़ाई में बहुत तेज थीं, साथ ही उन्हें आर्ट्स में भी दिलचस्पी थी। उन्होंने फेमस चित्रकार जैमिनी रॉय से पेटिंग सीखी थी। शौक ऐसा था कि वो दिन भर पेटिंग्स ही किया करती थीं।
उन्होंने कोलकाता के बालीगंज के एक सरकारी स्कूल में बच्चों को एक साल तक पढ़ाया भी था। वो बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाया करती थीं।
त्रिपुरा राजघराने में हुई शादी
1978 में मुनमुन सेन की शादी त्रिपुरा राजघराने से ताल्लुक रखने वाले भारत देव वर्मा से हुई थी। मुनमुन की सास ईला देवी पश्चिम बंगाल के कूचबिहार की राजकुमारी इंदिरा राजे की बेटी थीं और जयपुर की महारानी गायत्री देवी की बड़ी बहन थीं। शादी के कुछ समय बाद मुनमुन ने दो बेटियों राइमा और रिया सेन को जन्म दिया था।
पहली ही फिल्म में दिखीं बोल्ड लुक, आलोचना की हुईं शिकार
बचपन से ही मुनमुन फिल्मों में काम करना चाहती थीं लेकिन उनकी मां ने मना कर दिया था। जब ये बात मुनमुन ने शादी के बाद अपने पति को बात बताई तो उन्होंने मुनमुन को फिल्मों में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।
फिल्मों में आने से पहले उन्होंने कुछ मॉडलिंग प्रोजेक्ट किए और कुछ ऐड में भी नजर आईं। शादी के 6 साल बाद मुनमुन ने 1984 में फिल्मों में कदम रखा था। उन्होंने फिल्म ‘अंदर बाहर’ से डेब्यू किया था। इस फिल्म में वो बोल्ड लुक में नजर आईं थीं। राजघराने की बहू होने के नाते उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। कई मैगजीन्स कवर पर उनकी बिकिनी में तस्वीर छपी थी। कड़ी आलोचना के बाद भी उनके पति ने उन्हें हर कदम पर सपोर्ट किया।
60 फिल्मों में नजर आईं, लेकिन सिर्फ एक अवॉर्ड से नवाजी गईं
हिंदी फिल्मों के अलावा उन्होंने तेलुगु, बंगाली, मराठी, मलयालम, कन्नड़ और तमिल सहित 60 फिल्मो में काम किया। फिल्मों के अलावा उन्होंने 40 टीवी शोज भी किए थे। 4 दशक के लंबे करियर के बावजूद उन्हें सिर्फ फिल्म सिरिवेनेला के लिए नंदी अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया था। ये इकलौता अवाॅर्ड है, जो मुनमुन को अपने पूरे सिने करियर में मिला है।
राजनीति की पहली पारी में 9 बार से रहे सांसद को हरा दिया था
35 साल तक फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहने के बाद मुनमुन सेन 2014 में राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) का दामन थामा था। इसी साल उन्होंने लोकसभा चुनाव में बांकुरा सीट से सीपीआई के नौ बार रहे सांसद बासुदेव आचार्य को हराया था। इस जीत के बाद उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी। साथ ही ये उम्मीद की जा रही थी कि राजनीति करियर उनका सिने करियर से बेहतर रहेगा। वहीं, 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में वो आनसोल सीट से भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो से हार गईं थीं।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री के साथ रहीं अफेयर की खबरें
फिल्म और राजनीतिक करियर के अलावा, मुनमुन अपने अफेयर की वजह के काफी सुर्खियों में रहीं। उनका नाम पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान के साथ जोड़ा गया था।
इस अफेयर की खबर को लेकर उनसे सवाल भी किया गया था, जिस पर उन्होंने जवाब दिया था कि उन्हें इमरान खान के साथ वक्त बिताना अच्छा लगता था। इस बात से उनके पति को भी एतराज नहीं है, तो लोगो को क्यों दिक्कत हो रही है। शादीशुदा होने के बावजूद उनके इस जवाब से सब कोई हैरान था।
हालांकि कुछ समय बाद वो लाइमलाइट से दूर हो गई थीं, जिसके बाद इमरान खान और उनसे जुड़ी कोई भी बात सामने नहीं आई।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.