• Hindi News
  • Entertainment
  • Bollywood
  • Navneet Rana Has Made Headlines By Falsely Accusing The Police, These Actresses Including Jaya Prada, Urmila Have Also Created A Ruckus In Politics

राजनीति में एक्ट्रेसेस:नवनीत राणा ने बटोरी सुर्खियां, जया प्रदा, उर्मिला समेत ये एक्ट्रेस भी राजनीति में मचा चुकी हैं बवाल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

एक्ट्रेस से राजनेता बनीं नवनीत राणा इन दिनों सुर्खियों में हैं। नवनीत को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि रातभर उन्हें हवालात में पानी नहीं मिला। पुलिस ने एक वीडियो जारी करते हुए नवनीत के आरोपों को झूठा साबित कर दिया, जिसमें वो चाय पीती दिख रही हैं। नवनीत से पहले भी कई बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐसी हैं, जो राजनीति में उतरीं तो खूब हल्ला हुआ। आइए जानते हैं वो एक्ट्रेसेस कौन सी हैं-

जया प्रदा

एक जमाने की पॉपुलर एक्ट्रेस रहीं जया प्रदा साल 1994 से राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने 1994 में तेलुगू देसम पार्टी जॉइन की थी। साल 2004 में एक्ट्रेस समाजवादी पार्टी से जुड़ी थीं, लेकिन उन्हें 2010 में पार्टी से निकाल दिया गया था। साल 2019 में जया ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने जया पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद दोनों के बीच बड़ी बहस छिड़ गई थी।

हेमा मालिनी

ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी भारतीय जनता पार्टी का जाना-माना चेहरा हैं। एक्ट्रेस साल 2003 में राज्यसभा सांसद नियुक्त की गई थीं। पिछले 13 सालों से राजनीति में रहीं हेमा फिलहाल मथुरा लोकसभा सीट से सांसद हैं। हेमा उस समय चर्चा में आईं जब अपोजिशन नेता गुलाबराव पाटिल ने अपने शहर की सड़कों की हेमा के गालों से तुलना की।

जया बच्चन

कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुकीं जया बच्चन भारतीय राजनीति का एक जाना माना चेहरा हैं। साल 2004 से लगातार राज्यसभा सांसद बनी हुई एक्ट्रेस समाजवादी पार्टी की नेता हैं। जया अकसर संसद में दिए अपने बेबाक बयानों के चलते सुर्खियों में रहती हैं। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड पर निशाना साध रहे लोगों के खिलाफ एक्ट्रेस ने संसद में आवाज उठाई थी।

उर्मिला मातोंडकर

रंगीला गर्ल उर्मिला मातोंडकर ने साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का हाथ पकड़ा था। एक्ट्रेस ने नोर्थ मुंबई की सीट के लिए दावेदारी पेश की थी। भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी से चुनाव हारने के चंद महीनों बाद ही एक्ट्रेस ने इस्तीफा दे दिया था। एक्ट्रेस कंगना रनोट ने उर्मिला को सोफ्ट पोर्न स्टार कहा था, जिसके चलते कई महीनों तक चर्चा में रही थीं।

नुसरत जहां

बंगाली एक्ट्रेस से सांसद बनीं नुसरत जहां, काम से ज्यादा विवादों से सुर्खियां बटौरती हैं। एक्ट्रेस पर कई बार फतवा जारी हो चुका है वहीं शादी और बच्चे को लेकर भी नुसरत कई बार विवादों में रहीं। एक्ट्रेस ने विदेश में शादी कर एक साल बाद भारत में इसे अमान्य बताया। पति से अलग होने के बाद नुसरत, बॉयफ्रेंड यश दासगुप्ता के बच्चे की मां बनी हैं।

नगमा

पॉपुलर एक्ट्रेस नगमा राजनीति में कदम रखकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव बनीं। 2014 में एक जनसभा में भीड़ आपस में भिड़ गई। भगदड़ मची तो भरी सभा में एक व्यक्ति नगमा से बद्सलूकी करने लगा। नगमा ने उस शख्स को जोरदार थप्पड़ लगाया था। जब नगमा को फूलपुर सीट के लिए टिकट मिली तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को अपने खून से खत लिखकर इसका विरोध किया था।

जे जयललिता​​​​​​​​​​​​​​

अब तक की एक्ट्रेस से सबसे कामयाब एक्ट्रेस बनीं जे जयललिता कई बार विवादों से घिरी थीं। कभी संसद में उनके साथ बदसलूकी हुई तो कभी उनका नाम हत्या का साजिश और अरबों के घोटालों में आया।

खबरें और भी हैं...