अपनी बहन रंगोली चंदेल के विवादित ट्वीट का समर्थन करने पर अभिनेत्री कंगना रनोट के खिलाफ पुलिस कंप्लेंट दर्ज कराई गई है। दरअसल, हाल ही में अपने ट्वीट्स के जरिए नफरत फैलाने के आरोप में रंगोली का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। कंगना ने इसे गलत करार देते हुए कहा था कि अगर किसी को भी उनके ट्वीट्स में कुछ भी आपत्तिजनक मिलता है तो दोनों बहनें सार्वजनिक रूप से माफी मांग लेंगी।
मुंबई के वकील ने दर्ज कराई शिकायत
कंगना के खिलाफ शिकायत मुंबई के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने कराई है। वे कहते हैं कि एक बहन हत्या और हिंसा के लिए उकसाती है और दूसरी बहन उसके सपोर्ट में आ जाती है। बावजूद इसके कि उसके बयान के लिए देशभर में उसकी आलोचना हो रही है और उसका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड हो गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना की बहन और मैनेजर रंगोली चंदेल उनके स्टारडम, फैनबेस, लोकप्रियता, पैसे, पावर और प्रभाव का दुरुपयोग नफरत को बढ़ावा देने, संतुलन बिगाड़ने और अपने व्यक्तिगत लाभ हेतु देश में झगड़े कराने के लिए कर रही हैं।
क्या था कंगना का पूरा बयान
कंगना ने 18 अप्रैल को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें वे कह रही थीं, "परसों (16 अप्रैल) मेरी बहन रंगोली चंदेलजी ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने खासतौर पर कहा था कि जो लोग डॉक्टर्स पे और पुलिसकर्मियों पे अटैक कर रहे हैं, उन्हें गोली से मार देना चाहिए। लेकिन फराह खानजी, जो सुजैनजी की बहन हैं, रीमा कागतीजी, जो काफी प्रतिष्ठित निर्देशिका हैं, उन्होंने यह झूठा दावा किया कि रंगोली ने मुस्लिमों के नरसंहार के लिए कहा है। अगर कहीं भी ऐसा कोई भी ट्वीट मिलता है, जिसमें मुस्लिम नरसंहार के लिए कहा है तो मैं और रंगोली सामने से आकर माफी मांगेंगे।
रीमा ने किया था रंगोली का विरोध
रंगोली ने एक ट्वीट में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर हो रहे हमले की निंदा की थी। इसी ट्वीट में एक धर्मविशेष और मीडिया को निशाना बनाते हुए विवादित बयान लिखा था। इसके बाद उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। फिल्म निर्माता रीमा कागती ने रंगोली का अकाउंट सस्पेंड होने के बाद मुंबई पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने रंगोली पर एक्शन की मांग करते हुए लिखा था- मुंबई पुलिस क्या आप इस मामले की जांच करेंगे और एक्शन लेंगे? क्या यह फेक न्यूज और घृणा फैलाना नहीं है? क्या ये कुछ खास लोगों के खिलाफ हिंसा नहीं है?" इसी तरह फराह खान ने भी रंगोली को नाजीवादी बताते हुए उनके खिलाफ एक्शन की मांग की थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.