बॉलीवुड की डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा आज 48 साल की हो चुकी हैं। प्रीति इंडस्ट्री में सबसे सक्सेसफुल एक्ट्रेसेस की लिस्ट में गिनी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं। हिमाचल में जन्मीं प्रीति बॉलीवुड की सबसे पढ़ी-लिखी एक्ट्रेस में से एक हैं। उन्हें पढ़ाई का इतना शौक था की वो फिल्म कि शूटिंग के दौरान भाग कर एग्जाम देने चली गई थीं।
पिता के देहांत के बाद जिंदगी बदल गई
प्रीति जिंटा का जन्म हिमाचल की आर्मी फैमिली में हुआ था। उनके पिता एक आर्मी ऑफिसर थे। दो भाइयों और माता-पिता के साथ प्रीति की लाइफ काफी अच्छी चल रही थी, तभी उनके पिता कार एक्सीडेंट में गुजर गए। ये खबर सुनने के बाद उनकी मां 2 साल तक बिस्तर पर पड़ी रहीं। जब ये हादसा हुआ तब प्रीति सिर्फ 13 साल की थीं। छोटी सी उम्र में ये सब होने की वजह से प्रीति से उनका बचपन छिन गया और वो उम्र से पहले ही बड़ी हो गईं।
प्रीति ने किया है क्रिमिनल साइकोलॉजी से पोस्ट ग्रेजुएशन
प्रीति की स्कूलिंग शिमला के कॉन्वेंट ऑफ जीसस और मैरी स्कूल से हुई है। उसके बाद उन्होंने सेंट बेड कॉलेज शिमला से आगे की पढ़ाई की। वो पढ़ाई में हमेशा से ही काफी अच्छी थीं। उन्होंने अपना ग्रेजुएशन इंग्लिश ऑनर्स और पोस्ट ग्रेजुएशन क्रिमिनल साइकोलॉजी से किया है और इसी तरह वो बॉलीवुड की सबसे ज्यादा पढ़ी-लिखी एक्ट्रेसेस में से एक बन गईं।
चॉकलेट कमर्शियल से की करियर की शुरुआत
1996 में अपने दोस्त के बर्थडे पार्टी में उनकी मुलाकात एक डायरेक्टर से हुई, जिन्होंने प्रीति को चॉकलेट कमर्शियल में काम करने का ऑफर दिया। इसके बाद प्रीति ने कई ऐड में काम किया।
मुंबई के एक ऑडिशन के दौरान डायरेक्टर शेखर कपूर ने उन्हें नोटिस किया और एक्ट्रेस बनने की सलाह दी। उसके बाद उन्हें फिल्म 'तारा रम पम' ऑफर हुई, जिसमें वो ऋतिक रोशन के साथ काम करने वाली थीं, पर किसी वजह से फिल्म बंद हो गई। इसके बाद प्रीति ने कुंदन शाह की फिल्म में काम किया पर ये फिल्म भी दो साल तक टल गई। इस बीच दो फिल्मों में काम करने के बाद उनकी फिल्म 'दिल से' ऑफर हुई और ये उनकी पहली रिलीज बन गई।
इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में किया, जैसे 'क्या कहना', 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'मिशन कश्मीर', 'फर्ज', 'चोरी चोरी चुपके चुपके', 'दिल चाहता है', 'अरमान', 'वीर जारा', 'सलाम नमस्ते', 'कभी अलविदा ना कहना', आदि।
'सोल्जर' के लिए मिला था बेस्ट डेब्यू फीमेल का अवॉर्ड
फिल्म 'दिल से' में प्रीति जिंटा ने शाहरुख खान के साथ काम किया था। वो इस फिल्म में सपोर्टिंग रोल के तौर पर नजर आई थीं। हालांकि उनके इस बोल्ड रोल को इंडिया में पसंद नहीं किया गया, लेकिन UK में लोगों ने इसे काफी पसंद किया और ये UK के टॉप 10 बॉक्स-ऑफिस चार्ट में आने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई।
इसके अलावा 1998 में प्रीति ने फिल्म 'सोल्जर' में भी काम किया था। इस फिल्म में पहली बार उन्होंने लीड रोल के तौर पर काम किया और बेस्ट डेब्यू फीमेल का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी जिता।
शूटिंग छोड़ कर एग्जाम देने चली गई थी
प्रीति ने 'सोल्जर' फिल्म के क्लाइमैक्स शूट के दौरान एक हफ्ते की छुट्टी लेकर अपना साइकोलॉजी का पेपर देने चली गई थीं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ ये किस्सा शेयर किया था।
कई भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकी हैं प्रीति
प्रीति जिंटा ने हिंदी नहीं बल्कि कई भाषाओं की फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'प्रेमंते इदेरा' और 'राजा कुमारुडू' जैसे तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। इसके अलावा उन्होंने 'हैवेन ऑन अर्थ' नाम के एक कैनेडियन फिल्म में भी काम किया है।
पिता की इच्छा पूरी करने के लिए प्रीति ने खरीदी IPL टीम
प्रीति जिंटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम पंजाब किंग्स की को-ओनर हैं। जब आईपीएल (IPL) की शुरुआत हो रही थी, तब उन्होंने अपने पिता की अधूरी इच्छा को पूरा करने के बारे में सोचा और IPL में एक टीम खरीद ली। हालांकि, वो स्पोर्ट क्लब न सकीं, लेकिन स्पोर्ट्स टीम की मालकिन बन गई थीं। 2008 में उन्होंने ये पद हासिल किया और 2009 तक IPL टीम की एक मात्र महिला ओनर रहीं। इसके अलावा वो IPL की टीम की सबसे कम उम्र कि मालिक भी बनी।
10 साल छोटे शख्स से की है शादी
प्रीति जिंटा ने 2016 में अपने से 10 साल छोटे अमेरिकन सिटीजन जीन गुडइनफ से शादी कर ली थी। 29 फरवरी को कपल ने लॉस एंजेलिस में एक प्राइवेट सेरेमनी में सात फेरे लिए थे। शादी के लगभग 6 महीनों बाद प्रीति और जीन की वेडिंग फोटोज सामने आई थीं।
शादी के बाद सामने आई अफेयर की खबरें
शादी के बाद प्रीति पहली बार 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'भैयाजी सुपरहिट' में नजर आई थीं। इस फिल्म में उन्होंने सनी देओल के साथ काम किया था। उस वक्त सनी देओल के साथ उनके अफेयर की खबरें भी सामने आई थीं। दरअसल प्रीति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनी देओल को किस कर लिया था और उस वजह से लोग कयास लगाने लगे कि उनका और सनी का अफेयर चल रहा है।
2021 में जुड़वा बच्चों की मां बनी हैं प्रीति
अपने इस अफेयर को लेकर प्रीति काफी सुर्खियों में में रही थीं। कुछ समय बाद मीडिया कवरेज से परेशान होकर प्रीति ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और हमेशा के लिए अपने पति के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गईं।साल 2021 में प्रीति ने सरोगेसी के जरिए 2 जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.