एक्टर रणबीर कपूर और उनकी गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट कुछ दिनों पहले ही कोरोना से रिकवर हुए हैं। अब हाल ही में दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। जिसकी कुछ फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। खबरों के मुताबिक, रणबीर-आलिया वेकेशन के लिए मालदीव रवाना हुए हैं। कोरोना और लॉकडाउन के बीच इस कपल के वेकेशल पर जाने से कुछ लोग भड़क गए हैं और दोनों को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
ये लोग सुपर स्प्रेडर्स हैं, मालदीव सरकार इनकी एंट्री बैन करे
एक सोशल मीडिया यूजर ने गुस्से में लिखा, "टाइगर और दिशा के लिए भी यही कहा था और इनके लिए भी यही कह रहा हूं। ये लोग सुपर स्प्रेडर्स हैं, मालदीव सरकार इनकी एंट्री बैन करे।" टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी भी एक दिन पहले ही वेकेशन के लिए मालदीव गए हैं। इनसे पहले सारा अली खान, जान्हवी कपूर, श्रद्धा कपूर समेत कई सेलेब्स भी कोरोना और लॉकडाउन के बीच वेकेशन के लिए मालदीव जा चुके हैं।
गरीबों की मदद करने के बजाए इनके लिए छुट्टियां मनाना ज्यादा जरूरी
एक दूसरे यूजर ने लिखा, "वाह बेटा, कोरोना केस बढ़े तो हम चले मालदीव। पैसा है तो क्या कुछ नहीं हो सकता।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "गरीबों की मदद और लोगों को जागरूक करने के बजाए ये लोग छुट्टियां मनाने जा रहे हैं। शायद घूमने जाना भी जरूरी सर्विस में आता है। याद है पिछले साल यही लोग कह रहे थे कि घर पर रहो, सेफ रहो।" एक ने कहा, "इन लोगों के लिए नो लॉकडाउन नो कोरोना।" कुछ लोगों ने इस कपल के लिए भगोड़े और बेशर्म जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया। एक ने कहा, "जनता सब याद रखेगी।"
सिलेब्रिटीज के लिए लॉकडाउन नहीं है क्या?
एक अन्य यूजर ने लिखा, "ये सारे सिलेब्रिटीज कोरोना सिचुएशन में छुट्टियां मना रहे हैं। उनके लिए लॉकडाउन नहीं है क्या? कोरोना सिर्फ लोअर और मिडल क्लास वालों को होता है और उससे वे ठीक भी नहीं होते, मर ही जाते हैं। वहीं ये सिलेब्रिटीज बस होम क्वारैंटाइन से ही ठीक हो जाते हैं।" एक ने कहा, "ये मालदीव में डिस्काउंट चल रहा है क्या? ये इंडियन सिलेब्रिटीज को ट्रैवल करने की परमिशन कैसे है, जबकि नॉर्मल लोग इस भयंकर कोविड सिचुएशन में स्ट्रगल कर रहे हैं। शर्म आनी चाहिए इन लोगों को।"
रणबीर-आलिया 'ब्रह्मास्त्र' में पहली बार साथ आएंगे नजर
रणबीर और आलिया दोनों डायरेक्टर अयान मुखर्जी की 'ब्रह्मास्त्र' में पहली बार स्क्रीन स्पेस शेयर करते हुए दिखाई देंगे। इस फिल्म में इन दोनों के अलावा अमिताभ बच्चन, नागार्जुन अक्किनेनी, डिंपल कपाड़िया और मौनी रॉय भी मुख्य भूमिकाओं में होंगे। 'ब्रह्मास्त्र' के अलावा रणबीर डायरेक्टर लव रंजन की अपकमिंग फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ नजर आएंगे।
इसके अलावा रणबीर डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की 'एनिमल' में परिणीति चोपड़ा, अनिल कपूर और बॉबी देओल के साथ दिखाई देंगे। दूसरी ओर, आलिया के पास उनकी किटी में 'गंगूबाई काठियावाड़ी', 'आरआरआर' और 'तख्त' जैसी फिल्में हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.