बॉलीवुड के एक्शन डायरेक्टर रोहित शेट्टी आज यानी 14 मार्च को 49 साल के हो गए हैं। उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर मुंबई के जुहू में एक नए पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया।
इस दौरान उनके साथ मुंबई पुलिस के कमिश्नर विवेक फनसालकर और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। रोहित शेट्टी अपनी फिल्मों के जरिए कॉप यूनिवर्स बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी अधिकतर फिल्में पुलिस ऑफिसर्स की कहानी पर बेस्ड होती है।
पुलिस स्टेशन बनने में आर्थिक सहयोग भी किया
फिल्म क्रिटिक रमेश बाला के मुताबिक, रोहित शेट्टी ने इस पुलिस स्टेशन के निर्माण के लिए कुछ आर्थिक योगदान भी दिया है। उद्घाटन के दौरान रोहित ने माथे पर टीका भी लगाया हुआ है, इसने अनुमान लगाया जा सकता है पुलिस स्टेशन का उद्धाटन पूरे विधि विधान से किया गया है।
उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर के साथ कुछ देर बैठकर बातचीत भी की। इसके अलावा उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ फोटो भी क्लिक कराया।
तस्वीरों पर नजर डालते हैं..
कोविड काल में पुलिसवालों की मदद भी की थी
कोविड काल में भी रोहित ने मुंबई पुलिस का खूब सहयोग किया था जिसके चलते उन्हें सकल सम्मान अवॉर्ड से नवाजा भी गया था। उस समय उन्होंने जुहू के ही पुलिस स्टेशन में जिम का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'सभी हीरोज कैप्स नहीं पहनते, कुछ खाकी भी पहनते हैं।'
फिल्मों के जरिए बनाया कॉप यूनिवर्स
रोहित शेट्टी ने मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स के तर्ज पर कॉप यूनिवर्स बनाया है। इस यूनिवर्स की पहली फिल्म अजय देवगन की सिंघम थी। ये फिल्म बहुत बड़ी हिट थी, इसके बाद उन्होंने सिंघम रिटर्न्स, सिंबा और अक्षय कुमार के साथ सूर्यवंशी भी बनाई।
ये सभी फिल्में उनकी कॉप यूनिवर्स का हिस्सा हैं। अब वो जल्द ही 'इंडियन पुलिस फोर्स' के साथ वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
पहली बार कर रहे हैं सीरीज का डायरेक्शन
इंडियन पुलिस फोर्स रोहित की एक मेगा बजट वेब सीरीज है। इसके जरिए वो पहली बार किसी वेब सीरीज का डायरेक्शन कर रहे हैं। इस सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा लीड एक्टर के तौर पर दिखाई देंगे। इसके अलावा इसमें शिल्पा शेट्टी और विवेक ओबरॉय भी नजर आएंगे। ये ओटीटी फ्लेटफॉर्म 'अमेजन प्राइम' पर रिलीज होगी।
2023 में रोहित करेंगे धमाका
रोहित शेट्टी के लिए 2022 कुछ खास नहीं रहा, उनकी फिल्म सर्कस बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई, लेकिन 2023 में अपनी फिल्मों और सीरीज के जरिए वो धमाकेदार वापसी करने को तैयार हैं।
रिपोर्ट्स की माने तो 2023 में उनकी सिंघम 3, गोलमाल 5 और सूर्यवंशी 2 जैसी दमदार एक्शन पैक्ड फिल्में आने की संभावना है। इसके अलावा वो वेब सीरीज इंडियन पुलिस फोर्स के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शानदार एंट्री करने को तैयार हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.