डायरेक्टर रोहित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म 'सर्कस' लगभग पूरी हो चुकी है। यह हेवी वीएफएक्स फिल्म है। उस पर वीएफएक्स कंपनी काम शुरू कर चुकी है। ट्रेड सर्किल का कहना है कि रोहित अब 'गोलमाल 5' पर जुटेंगे। अपनी टीम के साथ वह इसके प्री-प्रोडक्शन पर जल्द ही काम शुरू कर देंगे। 'गोलमाल' की पिछली किश्त में हॉरर का ऐलिमेंट था। इस बार एक्शन का डोज ज्यादा रहेगा। प्राइमरी कास्ट में पिछले पार्ट के कलाकारों को रिपीट किया जाएगा। इस बारे में रोहित शेट्टी की तरफ से आधिकारिक बयान आना बाकी है। इस बीच दैनिक भास्कर से हुई खास बातचीत में इस फिल्म की सभी किश्तों में मौजूद तुषार कपूर ने पांचवें पार्ट को लेकर कुछ बातें शेयर की हैं।
लॉकडाउन की वजह से डिले हुई फिल्म
तुषार कपूर ने हाल ही में इंडस्ट्री में 20 साल पूरे भी किए हैं। तुषार ने कहा, "कोरोना काल ने सब गड़बड़ किया, वरना साल 2019 में यह फिल्म अनाउंस हुई थी। इस साल यानी 2021 में रिलीज किया जाना था। लॉकडाउन होने की वजह से जाहिर तौर पर यह डिले हो गई। मगर मुझे यकीन है कि यह एक न एक दिन तो बनेगी। मेरे ख्याल से अगले साल या उसके बाद, यह तो अभी किसी को पता नहीं। यह जरूर है कि लॉकडाउन के बाद लोग जरूर 'गोलमाल' सीरीज जैसी फिल्म देखना पसंद करेंगे। वह इसलिए कि इस लॉकडाउन में समाज के हर तबके ने कठिनाइयां उठाई हैं। सब स्ट्रेस में रहें हैं। लिहाजा कोरोना खत्म होने के बाद लोग हंसी-खुशी वाले माहौल में फिर से जाना चाहेंगे। वह सब इस फ्रेंचाइज से उन्हें मिलेगा।"
तुषार कपूर ने आगे कहा, "इस फ्रेंचाइज में अजय देवगन साथ रहें हैं। वो प्रोड्यूसर भी हैं। हमारी बतौर प्रोड्यूसर तो कभी बात नहीं हुई। यहां तक कि जब हम 'लक्ष्मी बॉम्ब' बना रहे थे, तो उन्हें पता तो था कि यह बन रही है। तब भी आपस में यह चर्चा नहीं की कि इसमें कितना इनवेस्ट करना चाहिए। हां, हम आपस में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन जरूर डिसकस करते हैं कि किसी फिल्म का फ्राईडे कैसा रहा। उन्होंने फिल्म का प्रोमोशन कैसे किया था, वगैरह वगैरह।"
ओटीटी पर रिलीज होगी तुषार की 'मारीच'
तुषार कपूर ने 'लक्ष्मी बॉम्ब' पिछले साल नवंबर में डायरेक्ट ओटीटी पर रिलीज की थी। इस साल बतौर प्रोड्यूसर वह एक और फिल्म सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी पर रिलीज कर रहें हैं। उस फिल्म का नाम 'मारीच' है। यह मर्डर मिस्ट्री है। इसका पोस्ट प्रोडक्शन चल रहा है। इसमें नसीरुद्दीन शाह भी हैं। कमर्शियल फिल्म होते हुए भी डार्क है। ओटीटी पर क्राइम थ्रिलर लोगों को पसंद आता है। 'लक्ष्मी बॉम्ब' के बाद फिलहाल अक्षय कुमार या किसी और से बात नहीं की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.