बिलकिस बानो केस पर बात करते हुए रो पड़ी शबाना:बोलीं- दोषियों की रिहाई पर मैं शर्मिंदा हूं, मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं

9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

बिलकिस बानो केस में गुजरात सरकार के 11 आरोपियों की रिहाई के फैसले की लोग निंदा कर रहे हैं। इस पर कई सेलिब्रिटीज के रिएक्शन भी सामने आए हैं। अब एक इंटरव्यू में शबाना आजमी भी इस बारे में बात करते हुए रो पड़ीं। एक्ट्रेस ने कहा कि वो इस फैसले से बेहद शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों की रिहाई के बाद, उन्हें लोगों में आक्रोश की उम्मीद थी, लेकिन वह हैरान थीं, कि किसी ने इसके खिलाफ आवाज तक नहीं उठाई।

बिलकिस को न्याय मिलना चाहिए- शबाना
शबाना ने बात करते हुए कहा, "मेरे पास इस पर कुछ कहने के लिए शब्द नहीं हैं, सिवाय इसके कि मैं बेहद शर्मिंदा हूं। इस महिला के साथ इतनी बड़ी ट्रैजडी हुई, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपनी लड़ाई लड़ी और इन लोगों को सजा दिलवाई। इस फैसले के लिए हमें आवाज उठानी चाहिए, ताकि उस महिला को न्याय मिल सके। जो महिलाएं इस देश में असुरक्षित महसूस कर रही हैं, क्या उन्हें सेफ फील नहीं कराना चाहिए।" बिलकिस के बारे में बात करते हुए शबाना के आंसू छलक पड़ते हैं।

पांच महीने की प्रेग्नेंट बिलकिस के साथ गैंग रेप किया गया था।
पांच महीने की प्रेग्नेंट बिलकिस के साथ गैंग रेप किया गया था।

शबाना इस फैसले के बाद हैरान थीं
शबाना ने आगे कहा, "मुझे लगा कि दोषियों की रिहाई के बाद लोगों में गुस्से की आग दिखेगी, लेकिन यह देखकर मैं सरप्राइज थी कि मीडिया में भी इस केस के बारे में कहीं ज्यादा नहीं दिखाया गया। मैंने दो-तीन दिन इंतजार किया, लेकिन सब शांत थे। एक दिन मैं कुछ लोगों के साथ बैठी हुई थी और बिलकिस बानो के केस के बारे में बात हो रही थी। उन्होंने कहा था, इसमें क्या बड़ी बात है, वो लोग पहले ही अपनी सजा काट तो चुके हैं, अब क्या शोर मचाना? उन लोगों को पता भी नहीं था कि इन 11 दोषियों को रिहाई भी दे दी गई है।"

दोषियों की रिहाई पर लड्डू बांटे गए
शबाना कहती हैं, "यह सब देखकर मुझे लगता है कि जो बिलकिस के साथ हुआ, उस अन्याय और भयावहता की लोगों को समझ ही नहीं हैं। दोषियों की रिहाई पर लड्डू बांटे जा रहे हैं। हम इस बात से अपने समाज में क्या संदेश दे रहे हैं? और किस तरह से महिलाओं को सम्मान दे रहे हैं।"

2002 में गैंगरेप के मामले में सुनाई थी उम्रकैद की सजा
2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के गैंग रेप और उनकी फैमिली के सात मेंबर्स की हत्या के मामले में 11 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। गुजरात सरकार ने रीमिशन पॉलिसी के तहत इन दोषियों को 15 अगस्त को गोधरा उप-जेल से रिहा कर दिया था। ये लोग 15 साल से ज्यादा समय तक जेल में रहे थे।