सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मनी लॉन्डरिंग का मामला दर्ज है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उनकी इनकम, खर्च और प्रॉपर्टी की जांच कर रहा है। ईडी रिया की जिन तीन प्रॉपर्टी की जांच कर रहा है, उनमें से एक खार इलाके में, दूसरी जुहू और तीसरी नवी मुंबई में है। इन तीनों प्रॉपर्टी की सामूहिक रूप से बाजार कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है। सूत्रों की मानें तो रिया ने ये तीनों प्रॉपर्टी 2018 और उसके बाद खरीदी हैं।
रिया सिर्फ एक प्रॉपर्टी के बारे में स्पष्ट रूप से बता सकीं
रिया ने इन तीनों प्रॉपर्टी में से एक के बारे में ईडी को स्पष्ट रूप से बताया और यह है खार इलाके में स्थित उनका वन बीएचके फ्लैट। 322 वर्गफीट में फैले इस फ्लैट की बाजार कीमत आज लगभग एक करोड़ रुपए है। रिया ने इसे 2018 में 76 लाख रुपए में खरीदा था। 51 हजार रुपए से उन्होंने यह फ्लैट बुक किया था, जबकि मई 2018 में उन्होंने इसका रजिस्ट्रेशन करा लिया था।
सिर्फ 10 फीसदी भुगतान अपने खाते से किया था
रिया ने इस फ्लैट की कीमत का 10 फीसदी भुगतान अपने खाते से किया। इसके बाद का पेमेंट स्लैब वाइज किया। जीएसटी, स्टाम्प ड्यूटी और अन्य चार्जेस मिलाकर रिया को इस फ्लैट के लिए 84 लाख रुपए चुकाने पड़े। एक्ट्रेस ने इसके लिए एचडीएफसी से 55-60 लाख रुपए का लोन लिया था और बाकी भुगतान कैश में किया था। फ्लैट में रिया ने अपनी मां संध्या चक्रवर्ती को नॉमिनी बनाया है।
फरवरी 2023 तक कंप्लीट होगा यह प्रोजेक्ट
इस फ्लैट को बनाने वाले बिल्डर से जुड़े करीबी सूत्र ने बताया कि रिया खुद दो बार बिल्डर के ऑफिस गई थीं। उन्होंने इसके प्रोजेक्ट मैनेजर से मुलाकात की थी। उनके पैरेंट्स इंद्रजीत चक्रवर्ती और संध्या चक्रवर्ती ने भी यहां विजिट की थी। यह प्रोजेक्ट अगस्त 2022 में पूरा होना था। लेकिन लॉकडाउन के चलते काम अटकने की वजह से अब यह फरवरी 2023 तक कंप्लीट हो पाएगा।
बिल्डर सभी डॉक्युमेंट ईडी को देने को तैयार
बिल्डर के ऑफिस से अभी तक ईडी ने पूछताछ नहीं की है। हालांकि, बिल्डर की ओर से पूछताछ में पूरा सहयोग देने की बात कही गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वे सारे डॉक्युमेंट भी ईडी को देने के लिए तैयार हैं।
इन दो फ्लैट्स के बारे में रिया ने स्थिति साफ नहीं की
रिया की एक प्रॉपर्टी जुहू में तारा रोड सांताक्रूज स्थित प्राइम रोज नाम की बिल्डिंग के पहले माले पर है। 102 नंबर के इस फ्लैट का बाजार मूल्य लगभग डेढ़ करोड़ रुपए है। रिया यहां परिवार के साथ रहती हैं। दिसंबर- 2019 में यूरोप टूर से लौटने के बाद रिया सुशांत को अपने इसी फ्लैट में ले गई थीं। तब तक रिया ने बांद्रा में 4 बीएचके फ्लैट किराए पर नहीं लिया था। ईडी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि रिया या उनके परिवार के नाम पर यह फ्लैट किराए पर है या इसे खरीदा गया है।
रिया का एक अन्य फ्लैट नवी मुंबई के उल्वे में है। इस फ्लैट का बाजार मूल्य 50 लाख रुपए बताया जा रहा है। सांताक्रूज और उल्वे वाली प्रॉपर्टी के बारे में रिया कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पाईं। सोमवार को ईडी ने उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है। उनसे इन दोनों फ्लैट्स के बारे में पूछताछ की जाएगी।
अब तक ईडी ने इनसे पूछताछ की
रिया चक्रवर्ती से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.