अभिनेता विक्रम गोखले का निधन नहीं हुआ है। अभी उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बुधवार देर रात यह जानकारी उनकी बेटी ने दी और पिता के निधन की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पापा की कंडीशन अभी काफी क्रिटिकल है। डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी उनकी सलामती के लिए दुआएं करें। दरअसल, बुधवार देर रात विक्रम गोखले के निधन की खबरें आई थीं। इसके बाद, सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाने लगीं।
विक्रम गोखले के करीबी दोस्त और वेटरन एक्टर राजेश दामले ने हेल्थ अपडेट देते हुए कहा, 'विक्रम की हालात बेहद नाजुक है। उनके शरीर के कुछ अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया है। वो पिछले 24 घंटों से मौत से जंग लड़ रहे हैं।'
ऐश्वर्या राय के पिता के रोल में नजर आए
विक्रम गोखले ने संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम में ऐश्वर्या के पिता के रोल में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने भूल भुलैया, दिल से, अग्निपथ, दे दना दन, हिचकी, निकम्मा, और मिशन मंगल जैसी फिल्मों में भी काम किया।
फिल्म एक्टर चंद्रकांत गोखले के बेटे हैं
विक्रम गोखले मराठी थिएटर, हिन्दी सिनेमा और टेलीविजन में काफी एक्टिव थे। वो फिल्म एक्टर चंद्रकांत गोखले के बेटे हैं। विक्रम गोखले की दादी कमलाबाई गोखले इंडियन सिनेमा की पहली फीमेल चाइल्ड आर्टिस्ट थीं।
टेलीविजन शो उड़ान में भी काम किया था
टेलीविजन में भी विक्रम गोखले ने एक अलग पहचान बनाई थी। दूरदर्शन पर 1989 से लेकर 1991 के बीच आने वाले फेमस शो 'उड़ान' का वो हिस्सा थे।
97 फिल्मों और थिएटर प्ले में काम किया
विक्रम गोखले ने 97 फिल्मों और थिएटर प्ले में काम किया। उन्होंने 70 मराठी फिल्मों में भी काम किया था। वे आखिरी बार 2022 में आई फिल्म निकम्मा में दिखाई दिए थे। इसके अलावा वो अपकमिंग वेब सीरीज अम्बेडकर- द लीजेंड में नजर आने वाले हैं।
संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से नवाजा गया था
2011 में विक्रम गोखले को थिएटर में काम करने के लिए संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। 2013 में उन्हें मराठी फिल्म अनुमति के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड से भी नवाजा गया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.