- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- Indore Accident | Speeding Car Hits E Rickshaw Near Bengali Square
तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर:पिछला हिस्सा 50 फीट दूर गिरा, 3 घायल, एमवाय अस्पताल में भर्ती; चालक फरार
- कॉपी लिंक

इंदौर में शुक्रवार सुबह पिपल्याहाना से बंगाली चौराहे के बीच तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसका पिछला हिस्सा टूटकर करीब 50 फीट दूर जा गिरा। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल हो गए।
उन्हें उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
डिवाइडर में जा घुसी कार
तिलक नगर पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। ई-रिक्शा सवारियों को लेकर जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बेकाबू होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर में जा घुसी। ई-रिक्शा में बैठे तीन लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को एमवाय अस्पताल पहुंचाया।
ऑटो चालक समेत तीन लोग घायल
पुलिस के अनुसार, हादसे में ऑटो चालक अल्फेश उर्फ बबलू खान और मजदूरी करने वाले घनश्याम करोले व राजा सांवले घायल हुए हैं। घटना के बाद कार ड्राइवर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची तिलक नगर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर ली है।
पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















