42 परिवारों से छिनी छत...अब कर्ज चुकाने की चिंता:कृष्णबाग में मलबे के बीच चूल्हा जलाने को मजबूर लोग; बच्चों की पढ़ाई ठप, दो महीने बाद परीक्षाएं

इंदौर1 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 23 नवंबर को हुई प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई ने 42 परिवारों के सामने दोहरी मुसीबत खड़ी कर दी है। एक तरफ सिर से छत छिन गई और दूसरी तरफ मकान बनाने के लिए बैंक से लिया कर्ज अब भी चुकाना है। लगातार सर्द होती रातों में परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। जिन घरों में कभी बच्चों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब मलबे के बीच चूल्हा जलाकर खाना बनाया जा रहा है। नया आशियाना कब और कैसे बनेगा, यह बाद की चिंता है। फिलहाल परिवारों के सामने रोज की भूख मिटाने, बच्चों को संभालने और बैंक की किस्तें चुकाने का संकट है।

मकान टूटने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है। दो महीने बाद परीक्षाएं शुरू होनी हैं, लेकिन कई बच्चों का स्कूल जाना और पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। रहवासियों का आरोप है कि अचानक हुई इस कार्रवाई की उन्हें भनक तक नहीं थी। न उन्हें मकान खाली करने का नोटिस मिला और न ही मुनादी के जरिए सूचना दी गई। उन्हें यह जानकारी भी नहीं थी कि जमीन को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। लोगों का कहना है कि उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका तक नहीं मिला।

जीतू नंदवाल, रहवासी
जीतू नंदवाल, रहवासी

मलबे के बीच ही सामान, वहीं चूल्हा जलाकर बना रहे खाना

कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासी जीतू नंदवाल ने बताया कि वे 2014 से यहां रह रहे थे। उस समय उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। फिलहाल परिवार उसी प्लॉट पर मलबे के बीच रह रहा है। घर का सामान भी वहीं रखा है और वहीं खाना बनाकर गुजारा कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि परिवार में आठ-दस सदस्य हैं। दो भाई अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। एक दूसरी, दूसरा तीसरी कक्षा में पढ़ता है, जबकि सबसे छोटा नर्सरी में है। मकान टूटने के बाद बच्चों की पढ़ाई और स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है।

जीतू का कहना है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला। वर्ष 2024 में पहली बार इस मामले की जानकारी मिली थी। तब बताया गया कि वे केस हार चुके हैं। उन्हें समझ नहीं आया कि मुकदमा कब चला और वे कब हार गए। उनका कहना है कि अगर घर पर नोटिस आता तो उन्हें मामले की जानकारी होती और वे अपना पक्ष रख पाते।

मिथलेश बाई, रहवासी
मिथलेश बाई, रहवासी

35 लाख का मकान टूटा, बैंक की किस्तें अब भी बाकी

रहवासी मिथलेश बाई ने बताया कि उनका मकान भी बिना नोटिस दिए तोड़ दिया गया। उनके पास मकान की रजिस्ट्री सहित सभी दस्तावेज हैं। उन्होंने अधिकारियों से कम से कम एक दिन का समय मांगा था, ताकि घर का सामान बाहर निकाल सकें, लेकिन इतना समय भी नहीं मिला।

मिथलेश के मुताबिक, मकान बनाने में परिवार ने अपनी पूरी कमाई लगा दी थी। करीब 35 लाख रुपए कीमत का मकान था। अब परिवार के पास रहने के लिए अपना घर नहीं है। फिलहाल वे सास-ससुर के यहां रह रहे हैं। मकान बनाने के लिए लिया गया बैंक लोन अब भी चल रहा है। घर टूट चुका है, लेकिन उसकी किस्तें चुकाने की जिम्मेदारी परिवार पर बनी हुई है।

ललिता, रहवासी
ललिता, रहवासी

गांव का मकान बेचकर इंदौर में बसाया था घर, अब मलबे में गुजारा

कृष्णबाग की रहवासी ललिता ने बताया कि वे 2013 से यहां रह रही थीं। इंदौर में घर बनाने के लिए परिवार ने कन्नौद में अपना मकान बेच दिया था। उनके पति मजदूरी करते हैं। परिवार ने सोचा था कि इंदौर में रहकर काम करेंगे और बच्चों के साथ अच्छी जिंदगी बिताएंगे।

ललिता के मुताबिक, मकान टूटने के बाद उन्होंने प्लॉट की जगह साफ कर ली है। अब वहीं खाना बनाते हैं और वहीं सोते हैं। बच्चों को लेकर चिंता बनी हुई है कि उन्हें लेकर कहां जाएंगे। गांव में पहले ही कुछ नहीं बचा था। वहां का मकान बेचकर इंदौर में घर बनाया था, लेकिन अब यहां भी मकान नहीं रहा। परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

अब रोजमर्रा का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और कर्ज बना चुनौती

मकान टूटने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने सिर्फ रहने की जगह तलाशने की चुनौती नहीं है। उन्हें रोजमर्रा के खर्च के साथ बैंक की किस्तें भी चुकानी हैं। जिन बच्चों की परीक्षाएं दो महीने बाद शुरू होनी हैं, उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कुछ परिवार मलबे के बीच रहने को मजबूर हैं तो कुछ रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं।

रहवासियों की शिकायत है कि उन्हें समय रहते कोर्ट में चल रहे मामले की जानकारी नहीं दी गई। अब वे सवाल उठा रहे हैं कि अगर उन्हें पहले सूचना मिलती तो वे अपना पक्ष रखने और घर का सामान बचाने की कोशिश कर सकते थे। फिलहाल 42 परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि छत छिनने के बाद वे अपने परिवार को कैसे संभालें और टूटे आशियाने के साथ बाकी कर्ज कैसे चुकाएं।

23 साल पुराने जमीन विवाद में हुई कार्रवाई, 42 मकान हटाए

कृष्णबाग कॉलोनी में कार्रवाई के पीछे जमीन का पुराना विवाद है। मामला ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 (क) की करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। इस जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा था। मामला तहसीलदार न्यायालय से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।

23 नवंबर को जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुआ अभियान दोपहर तक चला। इस दौरान 10 पोकलेन मशीनों और जेसीबी की मदद से 42 मकान हटाए गए।

कार्रवाई से पहले हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के निर्देश दिए थे। इन परिवारों के मकानों को कार्रवाई से अलग रखा गया। प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के पालन में की गई।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links