- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaipur
- Virender Sehwag, Sobhita Dhulipala, Deepak Sharma At Jaipur Airport | Photos
सहवाग ने एयरपोर्ट पर हाथ हिलाकर फैंस का किया अभिवादन:ब्लैक मास्क में दिखीं शोभिता धुलिपाला, तिहाड़ के सहायक जेलर ने भी खिंचवाई तस्वीरें
- कॉपी लिंक

जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को क्रिकेट, बॉलीवुड और चर्चित शख्सियतों का जमावड़ा देखने को मिला। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला और तिहाड़ जेल के चर्चित सहायक जेलर दीपक शर्मा एयरपोर्ट पर नजर आए।
तीनों अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचे हैं। इनके एयरपोर्ट पर पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान किसी ने अपने पसंदीदा क्रिकेटर के साथ तस्वीर लेने की कोशिश की तो किसी ने दीपक शर्मा के साथ फोटो क्लिक करवाई।

सहवाग ने मुस्कुराकर किया फैंस का अभिवादन
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग एयरपोर्ट पर अपने चिर-परिचित सहज अंदाज में नजर आए। एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशंसकों ने उन्हें देखते ही अभिवादन किया। सहवाग ने भी मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ तस्वीर लेने के लिए प्रशंसकों में उत्सुकता दिखाई दी। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले सहवाग की लोकप्रियता आज भी बरकरार है।
वीरेंद्र सहवाग भारतीय क्रिकेट के सबसे विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने टेस्ट और वनडे क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई यादगार पारियां खेलीं। टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में उनका नाम शामिल है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में भी दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा था।

दीपक शर्मा के साथ फोटो खिंचवाने पहुंचे प्रशंसक
वहीं, तिहाड़ जेल के चर्चित सहायक जेलर और बॉडीबिल्डर दीपक शर्मा भी जयपुर एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। एयरपोर्ट पर उन्हें देखकर कई प्रशंसक उनके पास पहुंचे। दीपक शर्मा ने भी लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।
अपनी फिटनेस, बॉडीबिल्डिंग और जेल प्रशासन से जुड़े कार्यों के कारण वे लंबे समय से चर्चा में रहे हैं। हाई-प्रोफाइल मामलों में जेल के भीतर उनकी भूमिका और उनसे जुड़े विभिन्न विवादों ने भी उन्हें सुर्खियों में रखा है।
दीपक शर्मा दिल्ली की तिहाड़ जेल और मंडोली जेल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जेल प्रशासन में सहायक अधीक्षक के रूप में कार्य करने के साथ-साथ उन्होंने बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में भी पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर उनके फिटनेस वीडियो और तस्वीरें काफी चर्चा में रहती हैं।

ब्लैक मास्क में नजर आईं शोभिता, फैंस की अपील को किया अनसुना
अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला भी शुक्रवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आईं। वह ब्लैक मास्क पहने हुए थीं और एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय प्रशंसकों ने उन्हें पहचान लिया। इस दौरान कुछ फैंस ने उनसे मास्क उतारकर चेहरा दिखाने और तस्वीर खिंचवाने की अपील की, लेकिन शोभिता ने उनकी बातों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वह मास्क पहने ही अपनी कार की तरफ बढ़ गईं और वहां से रवाना हो गईं। उनके इस अंदाज ने एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
शोभिता धुलिपाला ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। वर्ष 2013 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया अर्थ का खिताब जीता और मिस अर्थ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। वर्ष 2016 में अनुराग कश्यप की फिल्म 'रमन राघव 2.0' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया। उन्हें व्यापक पहचान वेब सीरीज 'मेड इन हेवन' में तारा खन्ना के किरदार से मिली। इसके अलावा वे 'पोन्नियिन सेल्वन' के दोनों भागों, 'द नाइट मैनेजर', 'गुडाचारी' और 'मंकी मैन' जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं।






















