- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Kota
- Medical College Pregnant Woman Death | Probe Committee Formed After Postmortem
कोटा में गर्भवती महिला की मौत, जांच कमेटी गठित:परिवार के एक सदस्य को संविदा पर मिलेगी नौकरी; समझाइश पर माने परिजन
- कॉपी लिंक

कोटा मेडिकल कॉलेज के नए हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 27 नवंबर को गर्भवती महिला मीनाक्षी (24) की मौत हो गई थी। परिजनों ने शनिवार (28 नवंबर) को पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया।
परिजनों का कहना था कि जब तक लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और स्टाफ पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, वे न तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही शव उठाएंगे। परिजन मामले को लेकर जांच कमेटी समस्त अन्य मांगों पर राजी हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने 3 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी में डॉ. पंकज जैन (आचार्य, मेडिसिन विभाग), संयोजक डॉ. नेहा सीहरा (सह आचार्य, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग), सदस्य डॉ. सचिन मीणा (सहायक आचार्य, फॉरेंसिक विभाग) है। यह कमेटी जांच कर तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी।
इसके अलावा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और आर्थिक सहायता के लिए सरकारी स्तर पर प्रयास की बात कही गई।

शादी के 5 साल बाद ठहरा था गर्भ, खुशियां मातम में बदलीं
नयागांव की भील बस्ती निवासी गुड्डू मजदूरी कर किराये के मकान में रहते हैं। शादी के करीब 5 साल बाद उनकी पत्नी मीनाक्षी गर्भवती हुई थी और वह तीन महीने की प्रेग्नेंट थी। 24 नवंबर को तबीयत खराब होने पर मीनाक्षी को नए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां खून की कमी बताकर दो यूनिट ब्लड चढ़ाया गया।
25 नवंबर को अस्पताल स्टाफ ने सब कुछ सामान्य बताकर मीनाक्षी को छुट्टी दे दी। परिजनों का आरोप है कि सोनोग्राफी रिपोर्ट पूछने पर भी उन्हें 'सब ठीक है' कहकर घर भेज दिया गया।
26 नवंबर को घर पहुंचने के बाद रात करीब 11-12 बजे मीनाक्षी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे तेज दर्द, खांसी व दस्त शुरू हो गए। गुरुवार शाम उसे दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गर्भ में बच्चे के खराब होने की बात कहकर भर्ती कर लिया।

वार्ड में ही बाहर आ गया था भ्रूण का हिस्सा, ओटी में ले जाते ही मौत
परिजनों का आरोप है कि भर्ती के समय मीनाक्षी पूरी तरह होश में थी और चल-बोल रही थी। डॉक्टरों ने इंजेक्शन लगाकर सामान्य प्रक्रिया से सफाई (डिलीवरी) करने की बात कही। शुक्रवार दिनभर उसे वार्ड में रखकर इंजेक्शन लगाए गए, इस दौरान वार्ड में ही भ्रूण का कुछ हिस्सा बाहर आ गया।
जब परिवार की महिलाओं ने यह बात स्टाफ को बताई, तो शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच उसे डीएनसी (D&C) के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया और शाम 6 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
हॉस्पिटल प्रशासन की सफाई और रात का घटनाक्रम
मामले में हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बयान जारी कर लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मरीज पहले किसी निजी हॉस्पिटल में दिखा रही थी और भर्ती के समय ही बच्चा गर्भ में खत्म हो चुका था।
मरीज में खून की कमी और इन्फेक्शन था, जिसकी 'हाई रिस्क' जानकारी परिजनों को पहले ही दे दी गई थी। मृत भ्रूण की डिलीवरी के बाद मरीज अचानक कोलैप्स हो गई और काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।






















