• Hindi News
  • National
  • Calcutta High Court Quashes Appointment Of Ritabrata Banerjee & Akharuzzaman

ममता के बागी ऋतब्रत बंगाल में नेता प्रतिपक्ष नहीं रहेंगे:कलकत्ता हाईकोर्ट ने नियुक्ति रद्द की; TMC के 58 विधायक तोड़ नया गुट बनाया था

कोलकाता6 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
ऋतब्रत ने 3 जून को विपक्ष का नेता चुने जाने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उनके साथ TMC के बागी गुट के कई और नेता भी मौजूद थे। - Dainik Bhaskar
ऋतब्रत ने 3 जून को विपक्ष का नेता चुने जाने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उनके साथ TMC के बागी गुट के कई और नेता भी मौजूद थे।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें 3 जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया था। अदालत ने कहा कि स्पीकर का यह आदेश गलत है।

हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि वे आदेश की प्रति मिलने के 10 दिनों के भीतर कानून के प्रावधानों के मुताबिक दोनों नियुक्तियों पर दोबारा विचार करें। अदालत के फैसले के बाद अब इन पदों पर नियुक्ति को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को नए सिरे से निर्णय लेना होगा। हाईकोर्ट ने यह फैसला ममता गुट के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय की याचिका पर दिया।

टीएमसी के बागी विधायकों ने 3 जून को विधानसभा स्पीकर को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बनाने के लिए समर्थन पत्र दिया था।
टीएमसी के बागी विधायकों ने 3 जून को विधानसभा स्पीकर को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बनाने के लिए समर्थन पत्र दिया था।

अब आगे क्या होगा, 3 संभावनाएं

शोभनदेव चट्टोपाध्याय: TMC के आधिकारिक फैसले के आधार पर उनकी दावेदारी फिर सामने आएगी।

ऋतब्रत बनर्जी: वे दोबारा नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की मांग कर सकते हैं। हालांकि, पुराने आदेश के आधार पर उनका पद बरकरार नहीं रहेगा।

विधानसभा अध्यक्ष: उन्हें दोनों पक्षों की दलीलों और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विचार करके नया फैसला लेना होगा।

TMC में विवाद और बगावत की शुरुआत कैसे हुई

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC को 80 सीटें मिलीं और वह विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल बनी। चुनाव के बाद ममता बनर्जी ने वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने का फैसला किया। 6 मई को TMC मुख्यालय में विधायकों की बैठक हुई। शोभनदेव चट्टोपाध्याय के नाम पर सहमति बनी। 19 मई को पार्टी की ओर से हस्ताक्षरित प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष को भेजा गया, लेकिन इस प्रस्ताव के हस्ताक्षरों पर विवाद खड़ा हो गया। ऋतब्रत बनर्जी ने आरोप लगाया कि कई विधायकों के हस्ताक्षर फर्जी हैं।

जून में शुरू हुई थी बगावत

2026 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में अंदरूनी संघर्ष तेज हो गया था। जून में पार्टी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 ने अलग होकर NCPI के साथ गठबंधन किया और NDA को समर्थन दे दिया।

इसके बाद विधानसभा में भी बगावत शुरू हो गई। पार्टी के करीब 80 विधायकों में से 58 ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता बनाने का समर्थन किया। बागी विधायकों ने अलग बैठक कर अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना और समानांतर संगठन बनाने का ऐलान किया।

दोनों गुटों को अलग नाम और चुनाव चिह्न

विवाद के बाद चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को अलग पहचान दी। ममता बनर्जी के गुट को 'ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' नाम और फुटबॉल खिलाड़ी का चुनाव चिह्न मिला। वहीं, ऋतब्रत गुट को 'डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस' नाम और लिफाफे का चुनाव चिह्न आवंटित किया गया।

ममता गुट का आरोप है कि भाजपा और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बागी गुट को समर्थन देकर टीएमसी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links