पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सूरत. कतारगाम में 6 महीने पहले एक किशोरी पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उनमें से एक आरोपी ने किशोरी से छेड़छाड़ भी की। इस पर नाराज होकर किशोरी के पिता आरोपी जय खोखरिया के पास पहुंचे। जहां जय और उसके भाई ने उन पर हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। 13 दिन के इलाज के बाद उनकी मौत हो गई। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
क्या थी घटना
कतारगाम में रहने वाली 16 वर्षीय मोहिनी(नाम बदला है) पर जय खोखरिया और उसके दोस्तों ने 6 महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसके बाद किशोरी से छेड़छाड़ भी की। इसकी जानकारी जब किशोरी के पिता को हुई, तो वे आरोपी जय खाेखरिया के पास हाथी मंदिर पहुंचे। वहां उन पर जय और उसके भाई जीतू एवं अन्य 5 लोगों ने हमला किया। इसमें पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके बाद किशोरी ने जय और उसके दोस्तों के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत पुलिस थाने में की। उधर 13 दिनों के इलाज के बाद मोहिनी के पिता की मौत हो गई। बुधवार को उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
आरोपीे जय की हाल ही में हुई है शादी
सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी जयेश उर्फ लालो जाधव खोखरिया समेत 6 लोगों की पुलिस ने धरपकड़ की है। जयेश कतारगाम में ही आंबातलाड़ी में हरिधाम सोसायटी में रहता है। इसके अलावा वह एक एम्ब्रायडरी कारखाने में नौकरी करता है। 31 वर्षीय जयेश की 15 दिन पहले ही शादी हुई है। अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
दुष्कर्म के बाद दी थी धमकी
नाबालिग मोहिनी से दुष्कर्म के दौरान आरोपियों ने वीडियो बना लिया था, साथ ही यह धमकी दी थी कि इस बात की जानकारी किसी को दी, तो यह वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। पूरी घटना 6 महीने पहले की है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.