कंबोडिया के मछुआरों ने फ्रेशवॉटर (ताजे/मीठे पानी) में रहने वाली दुनिया की सबसे बड़ी मछली को जाल में फंसा लिया है। मेकोंग नदी में मिली यह मछली एक स्टिंग रे है, जिसका वजन 300 किलोग्राम है। इसे केवल समुद्र तट तक लाने के लिए ही दर्जनों लोगों की मदद लेनी पड़ी।
मछली की हरकतें मॉनिटर करेंगे वैज्ञानिक
13 फीट लंबी यह मछली मादा है। इस पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाने के बाद इसे वापस नदी में छोड़ दिया गया। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से मछली का मूवमेंट और बिहेवियर मॉनिटर किया जाएगा। मछली के बल्ब जैसे आकार के कारण इसका नाम क्रिसेंड बोरामी (खमेर भाषा में 'पूर्णिमा') रखा गया है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में बायोलॉजिस्ट जेब होगान ने कहा कि यह खबर बहुत ही रोमांचक है। स्टिंग रे मिलने का सीधा मतलब यह है कि मेकोंग नदी अब भी काफी सेहतमंद है। यहां बड़ी मछलियां मिलने और जीवित रहने की संभावना है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड कैटफिश के पास था
क्रिसेंड बोरामी को पिछले हफ्ते उत्तर कंबोडिया के आइलैंड कोह प्रियाह में पकड़ा गया था। इसके पहले फ्रेशवॉटर में रहने वाली दुनिया की सबसे बड़ी मछली का रिकॉर्ड एक कैटफिश के पास था। इसका वजन 293 किलोग्राम है और इसे थाईलैंड में साल 2005 में पकड़ा गया था।
रिवर कमीशन के मुताबिक, मेकोंग नदी दुनिया में सबसे विविध मछलियों की आबादी में तीसरे नंबर पर आती है। हालांकि, ज्यादा मछली पकड़ने, प्रदूषण, खारे पानी के घुसपैठ और तलछट की कमी के चलते इसकी क्वालिटी में गिरावट आई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.