पर्यावरण सुरक्षा के लिए अब बच्चे और बड़े आगे आ रहे हैं। प्रशासन, सामाजिक संगठन व शिक्षण संस्थानों के अलावा आमजन इसमें भागीदारी देकर पौधारोपण और जल बचाने लिए कार्य करने में जुटे हैं। शनिवार को जिलेभर में पौधरोपण अभियान के तहत 2270 पौधे लगाए गए। जल बचाओ अभियान के तहत तरु यात्राएं निकाली गई। टीकाराम गर्ल्स कॉलेज में मुख्य कार्यक्रम में सांसद रमेश कौशिक विशेष तौर पर पहुंचे। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देकर जागरूकता यात्रा का शुभारंभ किया।
टीकाराम गर्ल्स काॅलेज से होते हुए यात्रा रोहतक रोड, कालुपुर चुंगी से नई अनाज मंडी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैय्यापुर लहराड़ा पहुंची। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल के महत्व को देखते हुए ही जल शक्ति के नाम से अलग से मंत्रालय का गठन किया है।
इस जल शक्ति मंत्रालय से अंतर्गत ही जल शक्ति अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान एक जुलाई से 15 सितंबर तक पौधरोपण अभियान के संकल्प से साथ आगे बढ़ेगा और दूसरे चरण में एक अक्टूबर से 13 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांसद ने सभी को जल बचाने की शपथ भी दिलवाई। कार्यक्रम में डीसी डाॅ. अंशज सिंह ने कहा कि जल मनुष्य के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता है और हम अपनी इसी आवश्यकता को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं।
पौधरोपण अभियान में लगाए पाैधे : नई अनाज मंडी में भारी संख्या में छात्राओं ने पौधरोपण किया और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैय्यापुर लहराड़ा में जिला शिक्षा अधिकारी सतीश साेलंकी के नेतृत्व में पौधरोपण अभियान चलाया गया। जिला वन मंडल अधिकारी राजेश वत्स ने बताया कि वन विभाग द्वारा बरसात के सीजन में पौधरोपण अभियान तेज किया गया है। इस अवसर पर भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक, सोनीपत मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलदीप नांगल, डीएफओ राजेश वत्स, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्राचार्य अनिल सहरावत, टीकाराम गर्ल्स काॅलेज की प्राचार्या मोनिका वर्मा, जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला, जीओ गीता के सरपरस्त वीके कपूर सहित अन्य लोग उपस्थित थे। वहीं राई में हुए कार्यक्रम के दौरान हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत ने कहा कि आओ हम सभी अपने पर्यावरण सुरक्षा के लिए पौधरोपण करें और जल संरक्षण का संकल्प लें।
सोनीपत. टीकाराम गर्ल्स कॉलेज में पौधरोपण करते सांसद रमेश कौशिक साथ में हैं कॉलेज के स्टाफ सदस्य।
सोनीपत. पर्यावरण जागरूकता यात्रा निकालते हुए विद्यार्थी।
गन्नौर. दातौली के राजकीय स्कूल में पौधरोपण करते हुए बीडीपीओ, प्राचार्य और गांव के सरपंच।
गन्नौर में रैली निकालकर जल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया लोगों को जागरूक
गन्नौर| राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तरु यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गन्नौर व जनता व. मा. विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। यात्रा का शुभारंभ राजकीय माॅडल संस्कृति स्कूल से हुअा। नगर पालिका रोड से होते हुए यात्रा प्रमुख बाजार से गुजरी। यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं ने लोगों में जल संरक्षण की अलख जगाई। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि हरियाणा राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा पौधरोपण से किया गया। वहीं दातौली गांव में शनिवार को जल शक्ति अभियान के अंतर्गत तरू यात्रा का आयोजन किया गया। शुभारंभ गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण से किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।
रोज 5 गांवों में 1 हजार पौधे लगाने का लिया संकल्प
खरखौदा| खंड के सभी गांवों में ब्लाक समिति की तरफ से चलाए गए अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा, जिसकी शुरुआत शनिवार को खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय से ब्लाक समिति अध्यक्ष राजबीर दहिया द्वारा त्रिवेणी रोपकर की गई। अभियान के तहत 45 पौधे जहां बीडीपीओ कार्यालय में रोपे गए वहीं रोजाना एक हजार पौधे खंड के पांच गांवों में न केवल रोपे जाएंगे। ऐसे में ब्लाक समिति सदस्यों ने यह निर्णय लिया है कि वह पंच-सरपंचों, खंड के अधिकारियों के साथ मिलकर एक अभियान चलाएंगे, जिसके तहत रोजाना पांच गांवों को चिह्नित कर उनमें एक हजार पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले दिन थाना कला, थाना खुर्द, तुर्कपुर, मंडौरा व कंवाली गांव के सार्वजनिक स्थानों में पौधे रोपे जाऐंगे।
खरखौदा. बीडीपीओ कार्यालय में पौधरोपण करते चेयरमैन राजबीर दाहिया व अन्य।