6 माह पहले रिपेयर के नाम पर उतारीं स्ट्रीट लाइट अभी तक नहीं लगी
नगर पालिका ने कस्बा में जो स्ट्रीट लाइटें लगवाई थी। वह अधिकांश खराब पड़ी हैं। गलियों व सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें तो लगा दी, लेकिन खराब लाइटों को ठीक नहीं किया जा रहा।
आलम यह है कि अधिकांश वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं तो कहीं रिपेयर के नाम पर उतारी गई लाइटें अभी तक नहीं लग सकी हैं। जिसको लेकर कस्बावासियों में नपा के खिलाफ रोष पनप रहा है। कई लाइटों को तो रिपेयर के नाम पर उतारे 6 महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद भी लाइट आज तक ठीक नहीं हुई। लाइटें न होने से लोगों को रात्रि के समय परेशानी झेलने को मजबूर होना पड़ा रहा है। लाइट न होने के कारण तो कई मोहल्ले तो अंधेरा होते ही अंधेरे में डूब जाते हैं।
हरि मंदिर मोहल्ले का मुख्य चौक अंधेरे में पसरा
हरि मंदिर मोहल्ला के मुख्य चौक पर स्ट्रीट लाइट न होने से रात को अंधेरा रहता है। यह चौक इसलिए अहम है क्योंकि इसकी एक तरफ गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब जाने का रास्ता है तो दूसरी तरफ हरि मंदिर जाने का रास्ता है। तीसरी तरफ मुख्य बाजार जाने का रास्ता है तो चौथा रास्ता हरि मंदिर मोहल्ला को जाता है, लेकिन इन चारों रास्तों पर रात को गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं। ऐसा भी नहीं है कि यहां लाइट नहीं लगाई थी। कुछ लाइटें तो खराब पड़ी हैं और कुछ रिपेयर के लिए उतार ली गई, क्योंकि कुछ माह पहले इस हिस्से में लगी दोनों स्ट्रीट लाइट खराब हो गई थी, जिन्हें विभाग के कर्मचारियों द्वारा रिपेयर के लिए उतारा गया था, लेकिन कई महीने भी जाने के बाद शायद कर्मचारी लाइट लगाना ही भूल गए, जबकि एक पुरानी खराब लाइट अभी भी ऐसे ही लगी हुई है जिसके चलते उक्त हिस्से में अंधेरे का साम्राज्य है और असामाजिक तत्वों को बढ़ावा मिल रहा है। हालात यह हो चुके हैं कि शाम ढलने के बाद और अल सुबह लोग उस रास्ते से निकलने से भी कतराने लगे हैं। कस्बा के दीपक, नीरज, अनिल, प्रवेश, संजीव, रोहित, बंटी व कुणाल सहित अन्य अन्य ने नपा प्रशासन से स्ट्रीट लाइटें जल्द से जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
बिना स्ट्रीट लाइट के खाली पोल।
बराड़ा में खराब स्ट्रीट लाइट।