रास्ता पूछने के बहाने महिला की बाली झपटने का आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लिया
पाेती काे ट्यूशन से लेकर लाैट रही दादी से एक्टिवा सवार युवकाें ने रास्ता पूछने के बहाने बाली झपट ली। सोमवार काे गांव जनेतपुर में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान पंजोखरा साहिब के रहने वाले मनप्रीत के तौर पर हुई। जिसका पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का रिमांड हासिल किया है। आरोपी ने अपने साथी की पहचान बसौली निवासी हरिंद्र के तौर पर बताई। पंजोखरा साहिब थाने में जनेतपुर निवासी करीब 60 वर्षीय कर्मजीत कौर के मुताबिक वह घटना के दिन दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर गांव से सटी गुरु हरकिशन काॅलोनी में ट्यूशन पढ़ने गई अपनी पोती रमनप्रीत कौर को लेने गई थी। लाैटते समय गांव के गुरदेव सिंह के ट्यूबवेल के पास सफेद एक्टिवा पर सवार होकर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने रास्ता पूछने के बहाने उसके कान से सोने की बाली झपट ली और दोनों फरार हाे गए। जांच अधिकारी एएसआई हरदेव सिंह के मुताबिक मनप्रीत ने ही महिला के गले से बाली झपटी थी। रिमांड के दौरान बाली बरामद करने के साथ उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।