- Hindi News
- Local
- Haryana
- Ambala
- Ambala News Haryana News After Purna Chand39s Murder Arapei Went To Kanpur And Became A Gym Trainer Went To Vrindavan To Celebrate Holi The Police Arrested
पूर्ण चंद की हत्या के बाद अाराेपी कानपुर जाकर जिम ट्रेनर बना, होली मनाने वृंदावन गया तो पुलिस ने किया गिरफ्तार
योगराज पर 50 हजार का था इनाम, पंचकूला में 10 व अम्बाला में 1 केस दर्ज
नारायणगढ़ के महुआखेड़ी में पूर्ण चंद का हत्यारोपी योगराज उर्फ पिंकी पकड़ा गया। योगराज वारदात को अंजाम देने के बाद उत्तर प्रदेश के कानपुर में पहुंचा और कमरा किराए पर लेकर वहां जिम ट्रेनर की नौकरी करने लगा। वह हाेली मनाने अपने साथियों के साथ वृंदावन में ट्रेन से पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे धर-दबोचा। हत्यारोपी ने सीआईए-1 के सामने खुलासा किया कि बिश्नोई लारेंस गैंग पंचकूला कोर्ट में नई वारदात को करने की फिराक में है जिसकी रैकी के साथ हथियार भी खरीद लिए गए हैं।
29 वर्षीय योगराज कालका के गांव महताब माजरा का रहने वाला है और मोहित मेंटल का सहयोगी है। वह पंचकूला में बिश्नोई लारेंस गैंग में भी शामिल था। 2 जुलाई 2017 को महुआखेड़ी में पूर्ण चंद की हत्या उसने मोहित मेंटल बिंदु उर्फ जगपाल, शुभम उर्फ बिगनी के साथ मिलकर की थी। पुलिस शुभम उर्फ बिगनी को गिरफ्तार कर चुकी है। योगराज ने पूछताछ में बताया कि बिश्नोई गैंग में शामिल राजू बसोदी, काला राणा, संपत नेहरा, मन्नी चीमा, जोगा, दीपक बनूर के साथ उसके संबंध हैं। उनकी गैंग की ट्राइसिटी में अकरम, श्याम टगरा से दुश्मनी थी जिनकी पंचकूला कोर्ट में आगामी पेशी होनी थी। इसलिए अकरम और श्याम टगरा की हत्या करने के लिए उन्होंने साजिश रची थी। योगराज पर कुल 11 केस दर्ज हैं, जिनमें 10 पंचकूला और 1 अम्बाला का मामला है।
पुलिस ने रखा था 50 हजार का इनाम: योगराज पर अम्बाला पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। सीआईए-1 को योगराज की कानपुर में कई लोकेशन मिली थी लेकिन ठिकाना बार-बार बदलने की वजह से पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही थी, इसलिए पुलिस भी योगराज के साथ कानपुर में ही टिकी रही। सीआईए-1 के इंचार्ज अमन कुमार की मानें तो पुलिस ने वृंदावन से आरोपी को धर दबोचा है।