बाइक सवार होमगार्ड जवान के सिर के ऊपर से निकल गया डंपर
अम्बाला-चंडीगढ़ राेड पर डंपर ने बाइक सवार आशा सिंह गार्डन निवासी 29 वर्षीय हरप्रीत सिंह को कुचल दिया। हरप्रीत होमगार्ड का जवान था।
बुधवार शाम हुए इस हादसे के बाद चालक डंपर को मौके पर ही छोड़ कर भाग निकला। गंभीर तौर पर घायल होमगार्ड को जब अस्पताल ले जाया गया तो उसे ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में बलदेव नगर पुलिस ने मृतक होमगार्ड के पिता नरिंद्र सिंह के बयान पर केस दर्ज किया है।
नरिंद्र सिंह के मुताबिक हरप्रीत शादीशुदा था। बुधवार को किसी काम से सीडी डॉन बाइक पर सद्दोपुर गया था। शाम करीब सवा सात बजे गांव काकरू के पास डंपर चालक ने पीछे से टक्कर मार दी और कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। डंपर हरप्रीत के सिर के ऊपर से निकल गया था। डंपर चालक कुछ दूर आगे जा रुका व नीचे उतर कर भाग निकला। डंपर चालक की पहचान कुरुक्षेत्र के जलबेहड़ा निवासी संजय के तौर पर हुई है।