एक्टिवा की नंबर प्लेट स्कॉर्पियो पर लगा चुरा ले गए भैंस
नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव रछेड़ी से छोटा राम की भैंस चोरी हो गई। आरोप काले रंग की स्कॉर्पियो में आए थे। इस स्कॉर्पियो का नंबर नोट हो गया। खास बात यह है कि स्कॉर्पियो की प्लेट पर जो रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा था वो एक्टिवा का है। यह एक्टिवा जगाधरी में अमिता शर्मा के नाम पर रजिस्टर्ड है। भैंस मालिक छोटा राम ने बताया कि 11 मार्च की रात को करीब सवा एक बजे भैंस चोरी हुई। शहजादपुर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
इसी तरह साहा थाने के गांव हरडा से छतरपाल की दो भैंसे व कटड़ी भी 11 मार्च की रात को ही चोरी हुई। छतरपाल ने बताया कि उनका फिरनी के पास भैंसों का बाड़ा है। पड़ोस में शादी होने के कारण वे रात में बाड़े की तरफ चक्कर नहीं मार सके। अगली सुबह देखा मवेशी गायब था। इससे पहले भी साहा क्षेत्र में भैंस चोरी की गई घटनाएं हो चुकी हैं। चोरों के निशाने पर ज्यादातर फिरनी के आसपास के गांव ही रहते हैं।