- Hindi News
- Local
- Haryana
- Ambala
- Ambala News Haryana News District Youth Development Organization Will Organize Blood Donation Camp On 14 15 March
जिला युवा विकास संगठन 14-15 मार्च को लगाएगा रक्तदान शिविर
अम्बाला ब्लड बैंक में रक्त की कमी के चलते जिला युवा विकास संगठन, प्रयास और युवा समाज सेवा संगठन ने जनवरी से अब तक 17 रक्तदान शिविर विभिन्न गांवों में लगाए। जिनमें लगभग 1 हजार यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इन कैंपस में युवाओं ने जोश के साथ रक्तदान किया। रक्तदान कैंप लगाने की मुहिम संस्थाओं की अभी भी जारी है। जिला युवा विकास संगठन 14 मार्च को कुराली, 15 मार्च को हलदरी, नन्हेड़ा, शहजादपुर, बधौली व बराड़ा, यमुनानगर जिले के सढौरा, खेड़ी लक्खा सिंह व गांव संढूरा में तथा कुरुक्षेत्र के गांव कलसाना में रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगा।
युवा समाज सेवा संगठन ने अपने पहले ही रक्तदान शिविर में 72 यूनिट रक्त एकत्रित किया। प्रयास संस्था ने फरवरी से मार्च के पहले सप्ताह तक 11 रक्तदान शिविर लगाए। प्रयास से जुड़े विशाल सिंगला ने बताया कि इन 11 शिविरों से 600 यूनिट से ज्यादा रक्त इक्ट्ठा किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर हर कोई जज्बे से आगे आ रहा है। जिला युवा विकास संगठन ने 1 जनवरी से 8 मार्च तक 5 रक्तदान शिविर लगाकर 400 यूनिट से ज्यादा रक्त एकत्रित किया। संगठन के प्रधान तरुण कौशल व कोषाध्यक्ष गुरुदेव सिंह मंडेर ने बताया कि संगठन अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में 80 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर चुका है। 2017-18, 2018-19 के लिए संगठन को राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया गया।
3 संगठन 2 माह में कर चुके एक हजार यूनिट रक्तदान