20 से शुरू हाेगा सनातन धर्म सभा का फैशन इंस्टीट्यूट, महिलाअाें काे फ्री कराया जाएगा काेर्स
श्री सनातन धर्म सभा अम्बाला छावनी द्वारा महिलाअाें को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निशुल्क फैशन स्टूडियो मुरली मल एसडी इंडस्ट्रियल स्कूल फाॅर वूमेन इंस्टीट्यूट शुरू किया जा रहा है। इस फैशन इंस्टीट्यूट का उद्घाटन 20 मार्च को किया जाएगा, जिसमें आधुनिक तरीके से ड्रेस मेकिंग, फैशन डिजाइनिंग, सिलाई-कढ़ाई व कटिंग- टेलरिंग जैसे विषयों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। सभा के जनरल सेक्रेटरी सुधीर विंदलस ने बताया कि श्री सनातन धर्म सभा पिछले लगभग 40 सालों से महिलाओं के लिए सिलाई केंद्र चला रही थी। लेकिन अब आजकल की जरूरतों को देखते हुए सभा ने यह निर्णय किया है कि इस इंस्टीट्यूट को अपग्रेड किया जाए। इसी सोच के साथ इसके भवन का आधुनिक तरीके से पुन निर्माण किया गया है तथा लेटेस्ट मशीन को मंगवाया गया। अब यहां पर महिलाओं को एक साल का फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करवाया जाएगा। कोर्स पूरा होने के बाद सभी स्टूडेंट्स को इंस्टीट्यूट द्वारा सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे।
यहां मिलेंगे फॉर्म : इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए न्यूनतम शिक्षा 10वीं पास होनी चाहिए तथा उनके परिवार की सलाना आय 2 लाख रुपए से कम की होनी चाहिए। दाखिला फॉर्म मुरलीमल एसडी स्कूल फॉर वूमेन में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ले सकते हैं।
फैशन स्टूडियो भी किया जाएगा तैयार
इस इंस्टीट्यूट में फैशन स्टूडियो भी खोला जाएगा। इस इंस्टीट्यूट में महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के परिधान बनाना सीखाने के अलावा इसमें महिलाओं द्वारा जो भी परिधान तैयार किए जाएंगे उसको फैशन स्टूडियो में बिक्री के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। इसे कोई भी व्यक्ति खरीद सकता है तथा इसकी बिक्री के बाद जो भी आय होगी वह भी उन्हीं महिलाओं को दे दी जाएगी जिन्होंने वह परिधान बनाया है। इससे महिलाओं को काम सीखने के साथ-साथ आमदनी भी आनी शुरू हो जाएगी जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वह पूर्ण लगन से काम सीख पाएगी।