खरीदने के बहाने एमएम यूनिवर्सिटी के एमबीबीएस छात्र से ठगा आईफोन-11
अपना 11 दिन पुराना आईफोन-11 बेचने के के चक्कर में एमबीबीएस सेकेंड ईयर का छात्र अनादि शर्मा ठगी का शिकार हो गया। एमएम डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी के छात्र ने 20 फरवरी को 65 हजार में यह मोबाइल लिया था। कुछ दिन बाद ही उसे मोबाइल बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाल दिया। 3 मार्च को एक युवक खरीददार बनकर वॉक्सवैगन कार में आया और फोन ठग ले गया। मुलाना पुलिस ने ठगी व चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
कुरुक्षेत्र के बाबैन निवासी अनादि के मुताबिक फोन को बेचने का विज्ञापन ओएलएक्स पर डाला तो 3 मार्च को किसी की कॉल आई और फोन खरीदने की इच्छा जताई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह अपनी कार में मुलाना में एमएम कॉन्टिनेंटल के पास खड़ा है। अनादि दोस्त प्रणव के साथ होटल के पास पहुंचा। जहां युवक कार में बैठा मिला। युवक ने अनादि व प्रणव को अपनी कार में बैठा लिया। कुछ देर में 62 हजार में मोबाइल का सौदा हो गया। युवक ने यह भी बताया कि वह कैशिफ्य कंपनी में लगा है और मोबाइल की पेमेंट कंपनी से सीधे उनके खाते में डलवा देगा।