मिनर्वा संचालक बोले- आवेदन कर रखा एसडीएम बोले-डीसी से बात करवा दें
सिनेमा लाइसेंस रिन्यू नहीं होने का हवाला देकर प्रशासन ने कैंट के मिनर्वा मल्टीप्लैक्स, कैपिटल व निगार सिनेमा सील कर दिए। तर्क है कि 2012 के बाद से सिनेमा लाइसेंस रिन्यू ही नहीं कराया गया। मिनर्वा मल्टीप्लेक्स के संचालक आशु सरीन ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने कई बार लाइसेंस रिन्यू करने के लिए डीसी आफिस में आवेदन किए और फीस भी जमा कराई। फायर ब्रिगेड की एनओसी भी है। फिर भी लाइसेंस रिन्यू नहीं हुआ, इसमें उनकी तरफ से कोई गलती नहीं है। इस पर एसडीएम सुभाष सिहाग ने कहा कि आप डीसी से बात करवा दें। सरीन ने डीसी को कॉल लगाई लेकिन रिसीव नहीं हुई।
बुधवार शाम 5 बजे कैंट एसडीएम सुभाष सिहाग के नेतृत्व में नप सचिव राजेश कुमार पुलिस बल के साथ कैपिटल सिनेमा को सील करने के लिए पहुंचे। यहां पर यहां पर टीम ने कर्मचारियों व अन्य को बाहर निकाला जिसके बाद हॉल को सील कर दिया गया। फिर निकलसन रोड पर निगार सिनेमा को सील किया। सिनेमा मालिक दिल्ली के रहने वाले है, जिन्हें यहां के स्टाफ ने जानकारी दी। इसके बाद टीम मिनर्वा मल्टीप्लेक्स में पहुंची। यहां हॉल में दर्शक बागी-3 फिल्म देख रहे थे। टीम ने दोनों हॉल खाली करवा लिए। मिनर्वा मल्टीप्लेक्स संचालक आशु सरीन ने सिलिंग पर आपत्ति जताते हुए कहा कि लाइसेंस लेने के लिए 2015, 2018 व उसके बाद भी उनके द्वारा डीसी कार्यालय में आवेदन किए गए। टीम ने सरीन को कुछ समय दिया और उन्होंने डीसी को फोन कर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। डीसी ने फोन रिसीव नहीं किया तो सीलिंग की कार्रवाई की गई।