मंत्री बोले- कटर से कटवा दो अवैध प्लांटों के पट्टे
अवैध खनन की शिकायतों पर पहुंचे खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि जब प्लांटों को सील किया गया है तो कैसे चल रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की है। खनन अधिकारी का कहना था कि सील तोड़ कर चला लेते हैं। मंत्री ने कहा कि अवैध प्लांटों के पट्टे गैस कटर से कटवा दो ताकि दोबारा चलाया ना जा सके। अगले हफ्ते फिर आएंगे और कार्रवाई न हुई तो खनन अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
खनन गार्ड से कहा-टांग दूंगा, जेल में मिलेगा: खनन मंत्री ने खनन गार्ड रोशन से पूछा-बताओ माल कहां से आता है। माना प्लांट की परमिशन है लेकिन ये बताओ खनन सामग्री कहां से लाया। महकमे का आदमी होकर मुझे पागल बना रहा है। टांग दूंगा, अम्बाला जेल में मिलेगा।
मंत्री के आने की सूचना मिलते ही जोन में सन्नाटा: जैसे ही खनन मंत्री अम्बाला चौक पर पंहुचे और खनन सामग्री से भरी दो गाड़ियां पकड़ी तभी खनन माफिया चौकस हो गए। सड़क से ट्रक गायब हो गए। नदियों से मशीनें भाग गई और प्लांटों पर ताले लग गए। माफिया का मजबूत नेटवर्क है। इन्होंने वाट्सएप ग्रुप बनाए हुए हैं। एक मैसेज करने पर सभी अलर्ट हो जाते हैं।