रिकवरी मैन पर गाेली चलाने का सुराग नहीं
प्राईवेट उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के रिकवरी मैन पर गोली चला लूट के प्रयास के मामले में पुलिस को अभी तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि पुलिस ने जलूबी, उगाला व अधोया तक सड़क पर जहां भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज है उसे खंगाला जिसमें निशांत द्वारा बताई गई कार अब तक नहीं दिखी है। निशांत के लूट के प्रयास में कई सवालिया निशान उठ खड़े हुए हैं। ऐसी क्या वजह रही कि लुटेरों ने निशांत पर गोलियां चला दी और बिना लूटपाट किए वहां से फरार हो गए। प्रथम दृष्टि में पुलिस भी इस बात से हैरान है कि गोली लगने के बाद भी निशांत को कोई फैक्चर नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। कहीं ऐसा तो नहीं कि गोली मारने वाले लूटने के इरादे से नहीं बल्कि रिकवरी मैन निशांत के मन में भय का माहौल पैदा करने के लिए दहशत बना कर गए हों। बता दें कि 7 मार्च को बराड़ा के प्राईवेट उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के रिकवरी मैन निशांत पर उस वक्त नकाबपोश लुटेरों ने गाेलियां चला दी थी। लुटेरे ने निशांत पर रिवाल्वर से तीन गोलियां चलाई।