पिता ने बेटी की परीक्षा का हवाला दिया तो अफसरों ने ~100 में जुड़वा दिया कनेक्शन
ढाई माह पहले गांव नसीरपुर के किरण राम के घर का बिजली का मीटर उतर गया था। इसलिए उसके दो बेटियों और बेटे का मार्च माह में परीक्षाएं देने में दिक्कत आ रही थी। मौसम खराब हुआ तो घर के बाहर पढ़ना मुनासिब था और अंदर पूरी तरह से अंधेरा पसरा हुआ था। किरण राम को जब अम्बाला कैंट स्थित एक्सईएन कार्यालय में बिजली सभा का पता चला। शुक्रवार को हुई सभा में किरण राम पहुंचा। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम मुख्यालय चंडीगढ़ के फाइनेंस डिपार्टमेंट से सीजीआरएफ सदस्य दीपक जैन और एक्सइएन अम्बाला कैंट पवन नरूला समस्याएं सुन रहे थे। किरण राम बिजली निगम के अधिकारियों के हाथ जोड़ कर बोला कि साहब, मेरी बेटी अम्बाला सिटी के मॉडल टाउन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा है। वह खुद मेहनत मजदूरी करता है लेकिन कुछ समय से उसकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है इसलिए वह 11 हजार रुपए का बिल अदा नहीं कर पाया और वेस्ट सब डिवीजन ने उसका मीटर उतार लिया। बिजली निगम के अधिकारियों का किरण राम का मन पसीजा और सीजीआरएफ के सदस्य ने एक्सईएन को आदेश दिए कि किरण राम का कनेक्शन हर हालत में जुड़ना चाहिए। सीजीआरएफ सदस्य दीपक जैन ने किरण राम से पूछा कि वह अभी कितने पैसा करा सकता है तो जवाब मिला है कि साहब, मेरे पास तो अभी 100 रुपए हैं। एक्सईएन पवन नरूला ने एसडीओ और जेई को आदेश दिए तो शाम को साढ़े 6 बजे कनेक्शन जुड़ गया।