एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को एक लाख के चेक दिए
अम्बाला | दो सप्ताह पहले बराड़ा के अलावलपुर गांव में भाभी व ननद पर एसिड अटैक की घटना के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पीड़ित मुआवजा योजना के तहत दोनों पीडितों को एक-एक लाख के चेक प्रदान किए। सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश गुप्ता ने बताया कि एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को पैनल अधिवक्ताओं ने मुफ्त कानूनी सेवाएं प्रदान की हैं। करनाल के अनिल कुमार ने 28 फरवरी शाम को सैर पर निकली अपनी गर्भवती प|ी तथा उसकी भाभी पर सल्फ्यूरिक एसिड डाल दिया था। इस घटना में ननद करीब 55 प्रतिशत तथा उसकी भाभी लगभग 23 प्रतिशत झुलस गई थी। अनिल ने जब घटना को अंजाम दिया था तो उस समय एसिड के छींटे उसके मुंह तथा कपड़ों पर गिर गए थे। अनिल ने साक्ष्य खत्म करने के लिए कपड़ों को नष्ट कर दिया था। पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे तेजाब बेचने वाले दुकानदार राजेंद्र को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अनिल का तीन दिन का रिमांड लेकर वारदात के समय प्रयोग में लाई गई मोटरसाइकिल को भी बरामद किया था। सीजीएम ने पीड़ित मुआवजा योजना के तहत दोनों महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।