राधा स्वामी और निरंकारी के सभी बड़े सत्संग एक माह के लिए बंद
यमुनानगर | राधा स्वामी और निरंकारी के प्रस्तावित बड़े सत्संग कोरोना वायरस से बचाव के लिए एक माह के लिए रद्द कर दिए गए हैं। राधा स्वामी डेरा ब्यास की ओर से इस संदर्भ में पत्र जारी किया गया। इसे वेबसाइट और सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ सत्संग घरों के बाहर लगाया जा रहा है। बुधवार को होने वाले सत्संग बंद किए गए। रविवार को होने वाले सत्संग जारी रहेंगे। इसी तरह निरंकारी मिशन की ओर से भी पत्र जारी किया गया है। जो उनके ग्रुप और सोशल मीडिया पर डाला गया है। राधा स्वामी सत्संग ब्यास की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि ब्यास में 22, 29 मार्च को होने वाले सत्संग कार्यक्रम कैंसिल किया गया है। इसी तरह पांच अप्रैल को प्रस्तावित प्रोग्राम भी रद्द कर दिया गया। ब्यास में अब सत्संग प्रोग्राम 17, 24 व 31 मई से होंगे। इसके साथ ही बाबा जी के मार्च माह में सिंकदरपुर, दिल्ली, मुंबई के सत्संग प्रस्तावित थे, जो कैंसिल कर दिए गए हैं। निरंकारी मिशन की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि सतगुरु सुदीक्षा महाराज के सानिध्य में अभी बड़े समागम रद्द किए गए हैं।