करियाना शॉप में रिश्तेदार के बेटे ने महिला की गर्दन में चाकू घोंपा, गंभीर
चाकू लगते ही बाहर की आेर दौड़ी पिंकी
कैंट की डिफेंस कॉलोनी में केसर डेली नीड्स नाम से करियाना शॉप में 30 वर्षीय पिंकी की गर्दन में उसके किसी रिश्तेदार के बेटे ने चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही पिंकी बाहर की तरफ दौड़ी। महिला जैसे ही दुकान से बाहर आकर चिल्लाई तो आस पड़ोस के दुकानदार एकदम से दुकान की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आते देख कर जहां हमलावर डिफेंस कॉलोनी रोड से बोह की तरफ जाने एक गली से फरार हो गया। वहीं पिंकी को कार की मदद से नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर महिला की हालत नाजुक देखते हुए डाॅक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
घटना गुरुवार दोपहर 2:23 बजे की है। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। घायल महिला पिंकी दुकान में अकेली थी। पति केसर सिंह सदर बाजार में दुकान का सामान लेने के लिए आ गया था और नौकर खाना-खाने के लिए घर गया था। इसलिए पिंकी को जान से मारने के इरादे से ही दोपहर को बाइक पर डिफेंस कॉलोनी दुकान के पास पहुंचा। जब पिंकी का पति और नौकर दुकान से चला गया था तो ग्राहक बन कर दुकान में पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक हमलावर 2 बजकर 18 मिनट से दुकान के अंदर खड़ा दिखाई दे रहा है और कुछ बात भी कर रहा है। इसी बीच सामने घर से हैप्पी नामक युवक दुकान पर समान लेने पहुंचा तो हमलावर भी दुकान से बाहर की तरफ आकर खड़ा हो गया। पिंकी से सामान लेकर हैप्पी भी 2:21 बजे निकल गया। इसके बाद पिंकी दुकान के काउंटर से सामान देकर अंदर आ गई। हमलावर भी पिंकी के पीछे अंदर एक बार चला गया। पिंकी फिर से बाहर आई तो हमलावर भी बाहर आ गया। काउंटर से कोई समान उठाकर पिंकी जब दुकान के अंदर पहुंची तो हमलावर भी पीछे-पीछे चला गया अौर चाकू से गर्दन पर वार कर दिया। महिला चिल्लाते हुए बाहर की तरफ दौड़ गई। वह जान बचाने के लिए पास की फर्नीचर की दुकान के अंदर पहुंच गई। हमलावर तभी वहां से भाग गया।
गर्दन पर अंगूठा रख कर खून रोका, फिर कार से अस्पताल भिजवाया
मैं अपनी दुकान में था पड़ोस की दुकान से महिला की बचाओ-बचाओ की चिल्लाने की आवाजें आईं। बाहर निकलकर देखा तो एक व्यक्ति वहां से भागता दिखाई दिया। मैं भी उसके पीछे भागा, लेकिन वह सामने वाली गली में घुस गया। पीछे मुड़ कर देखा तो महिला का खून बह रहा था। गर्दन के अंदर कोई तेज हथियार घुसा हुआ था जिस पर उसने अंगूठा रखा ताकि खून न बहे। इसके बाद रूई रखी और पिंकी के पति को फोन कर सूचना दी। इसी बीच में प्राइवेट कार से उसे अस्पताल लाया गया था।
जैसा प्रत्यक्षदर्शी डिफेंस काॅलाेनी राेड के हरीश ने बताया
महिला के परिजनों ने बताया कि उसके किसी रिश्तेदार के बेटे ने वारदात को अंजाम दिया है, पुलिस ने दुकान बंद करा दी है और मौके से एक अज्ञात बाइक भी बरामद हो गई है, शायद हमलावर उस बाइक पर आया था। महिला पीजीआई में है और पुलिस जांच में जुटी है कि वारदात के पीछे की वजह क्या है।
जसवंत सिंह, एसएचओ, पंजोखरा थाना
अम्बाला | करियाना शॉप में खड़ा महिला को चाकू मारने का आरोपी।
चाकू लगने से घायल महिला को पीजीआई रेफर करता अस्पताल स्टाफ।